मुंबई के केईएम अस्पताल में एक सप्ताह से लिफ्ट बंद, मरीज बेहाल; प्लास्टर चढ़े मरीज को सीढ़ियों से उतरने की आई नौबत, वीडियो वायरल।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के परेल स्थित महानगरपालिका के प्रमुख केईएम अस्पताल में लिफ्ट बंद होने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल की ऑर्थोपेडिक इमारत की लिफ्ट पिछले करीब एक सप्ताह से बंद बताई जा रही है। इसके कारण फ्रैक्चर, दिव्यांगता और गंभीर चोटों से जूझ रहे मरीजों को सीढ़ियों के रास्ते ऊपर-नीचे जाना पड़ रहा है। अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों की इस परेशानी ने अस्पताल प्रशासन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, लिफ्ट बंद होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी उन मरीजों को हो रही है, जिनके पैरों में फ्रैक्चर है, प्लास्टर चढ़ा हुआ है या जिनकी हाल ही में सर्जरी हुई है। कई मरीजों को व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की मदद से सीढ़ियों के रास्ते ले जाना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि पैर में प्लास्टर चढ़े एक मरीज को सीढ़ियों पर बैठकर धीरे-धीरे नीचे उतरना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ गई है।

इस मामले को लेकर मुंबई महानगरपालिका में शिवसेना के गुटनेता अमेय घोले ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि केईएम अस्पताल गरीब और सामान्य परिवारों के मरीजों के लिए बड़ा सहारा है। ऐसे अस्पताल में लिफ्ट बंद होने के कारण बुजुर्गों, दिव्यांगों और गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को सीढ़ियां चढ़ने-उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मरीज इलाज कराने अस्पताल आते हैं, लेकिन उन्हें उपचार से पहले ही सीढ़ियां चढ़ने की परेशानी झेलनी पड़ रही है।

घोले ने सवाल उठाया कि अस्पताल प्रशासन को मरीजों की तकलीफ और उनकी सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है क्या? उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल की विभिन्न लिफ्टों की सुरक्षा और मरम्मत के लिए 6 नवंबर को निविदा जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। यदि लिफ्टों में समस्याएं पहले से थीं, तो समय रहते उनकी मरम्मत क्यों नहीं कराई गई?

■ जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

अमेय घोले ने बंद पड़ी लिफ्टों को तत्काल दुरुस्त कर सुरक्षित रूप से चालू करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने लिफ्ट कितने दिनों से बंद हैं, इसकी पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक करने और संबंधित रखरखाव ठेकेदारों, इंजीनियरों तथा जिम्मेदार अधिकारियों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि जांच में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन सहित कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए और जिम्मेदार ठेकेदारों पर भी दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए।केईएम जैसे बड़े सरकारी अस्पताल में लिफ्ट बंद होने के कारण मरीजों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ना स्वास्थ्य सुविधाओं और बुनियादी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि मुंबई महानगरपालिका प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और मरीजों को इस परेशानी से कब राहत मिलती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related