■ चोरी की मोटरसाइकिल से दिया था वारदात को अंजाम।
मुंबई वार्ता संवाददाता

कांदिवली पुलिस ने एक वृद्ध महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार होने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 2 लाख रुपये कीमत की 17 ग्राम वजन की सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद प्रभाकर जठार (43) और मोहम्मद शाहिद अलादीन खान (48) के रूप में हुई है।


पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को कांदिवली पुलिस स्टेशन की सीमा में एक वृद्ध महिला बाजार से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ता पार कराने में मदद करने के बहाने एक अज्ञात व्यक्ति उनके साथ घर तक पहुंच गया। इसके बाद आरोपी ने महिला का पीछा किया और मौका मिलते ही उनके गले से सोने की चेन जबरन झपटकर फरार हो गया। इस मामले में कांदिवली पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 490/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त संदीप घुगे, उत्तर परिमंडल-2, बोरीवली के मार्गदर्शन में कांदिवली पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि इस वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल कस्तूरबा मार्ग पुलिस स्टेशन की सीमा से चोरी की गई थी। इस संबंध में कस्तूरबा मार्ग पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 760/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज था।
इसके बाद कांदिवली और कस्तूरबा मार्ग पुलिस की चार स्वतंत्र टीमों ने संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी जानकारी और गुप्त मुखबिरों से मिले सुराग के आधार पर 9 नवंबर 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी दादर रेलवे स्टेशन के पास आने वाले हैं। पुलिस टीम ने तत्काल जाल बिछाकर दोनों को दादर रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में ले लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद प्रभाकर जठार (43), निवासी सनशाइन गार्डन, नालासोपारा पूर्व, जिला पालघर और मोहम्मद शाहिद अलादीन खान (48), पेशे से टेम्पो चालक, निवासी आजाद नगर, गेट नंबर 8, अंबुवाड़ी, मालवणी, मालाड पश्चिम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार किया। उनके पास से वृद्ध महिला से झपटी गई करीब 2 लाख रुपये कीमत की 17 ग्राम सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक करण सोनकवले और उनकी टीम ने की। कांदिवली तथा कस्तूरबा मार्ग पुलिस की संयुक्त जांच से चेन झपटमारी और मोटरसाइकिल चोरी के दोनों मामलों का खुलासा हुआ है।


