■ समतानगर और कुरार इलाके में दहशत फैलाकर आपराधिक वर्चस्व कायम करने का आरोप, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और ड्रग्स तस्करी जैसे अपराधों में शामिल है गिरोह।
मुंबई वार्ता संवाददाता

समतानगर पुलिस ने कांदिवली पूर्व के कुख्यात अपराधी इम्तियाज हुसैन सैयद उर्फ टिपू और उसके संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका), 1999 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, टिपू समतानगर और कुरार पुलिस थाना क्षेत्रों में सक्रिय गिरोह का सरगना है। उसके और गिरोह के सदस्यों के खिलाफ हत्या के प्रयास, गंभीर मारपीट, जान से मारने की धमकी, महिलाओं के खिलाफ अपराध, घातक हथियारों का इस्तेमाल और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।


पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर 2026 की रात करीब 3 बजे कांदिवली पूर्व के हनुमान नगर स्थित महाराष्ट्र बिरयानी सेंटर में पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। इस दौरान आरोपी इम्तियाज हुसैन सैयद उर्फ टिपू और उसके साथियों ने अनमोल डेयरिज के पास शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों को घेर लिया। आरोपियों ने धारदार चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया और पत्थरों तथा लकड़ी के बांस से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों पर जान से मारने की कोशिश करने का भी आरोप है।इस घटना के संबंध में समतानगर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 1258/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37 तथा 135 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
■ गिरोह के खिलाफ कुल 17 मामले दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सरगना इम्तियाज उर्फ टिपू के खिलाफ समतानगर और कुरार पुलिस थानों में कुल 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, गंभीर चोट पहुंचाने, मारपीट, जान से मारने की धमकी, महिलाओं के खिलाफ अपराध, घातक हथियारों का इस्तेमाल, नशीले पदार्थों की बिक्री और प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।गिरोह के अन्य सदस्यों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। राज रवि शर्मा उर्फ कालू के खिलाफ सात, जितेश गंगाप्रसाद राजपूत के खिलाफ दो, केतन पांडुरंग गमरे के खिलाफ दो और राधा गंगाप्रसाद राजपूत के खिलाफ दो आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा गिरोह में एक विधि संघर्षग्रस्त बालक की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं।
■ इलाके में दहशत फैलाकर कायम किया आपराधिक वर्चस्व
पुलिस के अनुसार, इम्तियाज उर्फ टिपू ने अपना संगठित आपराधिक गिरोह बनाया था। गिरोह के सदस्यों की मदद से वह समतानगर और कुरार पुलिस थाना क्षेत्रों में आपराधिक वर्चस्व कायम करने के लिए लोगों में दहशत फैलाता था। गिरोह के डर के कारण कई नागरिक उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से भी कतराते थे। इसके अलावा गिरोह के माध्यम से नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री कर आर्थिक लाभ कमाने का भी आरोप है।
■ तीन आरोपी गिरफ्तार, मकोका की धाराएं जोड़ी गईं
समतानगर पुलिस ने इस मामले में राज रवि शर्मा उर्फ कालू (27), जितेश गंगाप्रसाद राजपूत (49) और राधा गंगाप्रसाद राजपूत (41) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी कांदिवली पूर्व के हनुमान नगर स्थित सर्वोदय वाडी इलाके के निवासी हैं।पुलिस ने मुख्य आरोपी इम्तियाज उर्फ टिपू और उसके साथियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम, 1999 की धारा 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) भी जोड़ी हैं।मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस आयुक्त कैलास बर्वे कर रहे हैं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त शशिकुमार मीना, पुलिस उपायुक्त गजानन राजमाने और सहायक पुलिस आयुक्त कैलास बर्वे के मार्गदर्शन में की गई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जयवंत शिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।


