■ पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने की भी मांग, ऐसा नहीं होने पर पुण्यतिथि पर बड़े आंदोलन की चेतावनी; बोले- हादसा था या साजिश, सच्चाई सामने लाकर रहेंगे।
मुंबई वार्ता संवाददाता

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है। अमित शाह इन दिनों दो दिवसीय दौरे पर पुणे में हैं। रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उनसे इस मामले में केंद्रीय जांच के आदेश देने की अपील की है।


रोहित पवार ने कहा कि अमित शाह सोमवार को पुणे जिला परिषद कार्यालय में अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि केवल प्रतिमा का अनावरण करना अजित पवार के योगदान को सम्मान देने के लिए पर्याप्त नहीं है। उनके सम्मान में पुणे रिंग रोड का नाम भी अजित पवार के नाम पर रखा जाना चाहिए।
रोहित पवार ने कहा कि बेहतर होगा कि अमित शाह प्रतिमा अनावरण के साथ ही पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने और उनकी मौत की सीबीआई जांच कराने की घोषणा करें। यदि ऐसा नहीं होता है तो अजित पवार की पुण्यतिथि पर सड़क का नाम उनके नाम पर रखने की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के विधायक ने कहा कि वह लगातार यह पता लगाने का प्रयास करते रहेंगे कि अजित पवार की मौत महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई साजिश थी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के विकास में अजित पवार का योगदान अमूल्य रहा है। उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक पुणे जिले के पालकमंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की 28 जनवरी 2026 को पुणे जिले के बारामती में विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। मुंबई से बारामती जा रहा वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड का लियरजेट-45 विमान 28 जनवरी की सुबह बारामती हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हुई थी।इस दुर्घटना की जांच महाराष्ट्र अपराध जांच विभाग (सीआईडी) और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की ओर से अलग-अलग की जा रही है।
हालांकि, रोहित पवार लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि यह महज विमान दुर्घटना नहीं, बल्कि इसके पीछे साजिश या जानबूझकर की गई छेड़छाड़ हो सकती है। उनका आरोप है कि राज्य की जांच एजेंसियों की कार्रवाई धीमी गति से चल रही है और प्रभावशाली लोगों या राजनीतिक ताकतों के कारण मामले की सच्चाई सामने नहीं आ पा रही है।16 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में करेंगे बड़ा खुलासाइस बीच, रोहित पवार ने एक दिन पहले यह दावा कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी थी कि अजित पवार की मौत के पीछे कथित साजिश में एक प्रभावशाली व्यक्ति का हाथ है। उन्होंने इस व्यक्ति की पहचान उजागर करने का संकेत देते हुए उसे ‘मफलर से चेहरा ढकने वाला चेहरा’ बताया है।
रोहित पवार ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट कर घोषणा की कि सोमवार, 16 नवंबर को शाम 4 बजे मुंबई के वाई.बी. चव्हाण सेंटर में महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें अजितदादा की विमान दुर्घटना और कथित साजिश से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी जाएगी।उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वह कौन सा नेता है जो अजित पवार की मौत के पीछे कथित दुर्घटना या साजिश के जिम्मेदार लोगों को संरक्षण दे रहा है?रोहित पवार के इस बयान के बीच वाई.बी. चव्हाण सेंटर के आसपास रहस्यमयी बैनर भी लगाए गए हैं। इन बैनरों में अजित पवार की मौत से जुड़ी कथित साजिश में एक राजनीतिक नेता का नाम उजागर किए जाने का संकेत दिया गया है। हालांकि, इन बैनरों को किसने लगाया है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
अब सभी की निगाहें 16 नवंबर को होने वाली रोहित पवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जिसमें वह अजित पवार की मौत से जुड़े कथित षड्यंत्र और इसके पीछे बताए जा रहे राजनीतिक चेहरे को लेकर क्या खुलासा करते हैं, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।


