बीएमसी और ग्लोबल अस्पताल के बीच होगा समझौता, पात्र मरीजों के लिए 37 बेड रहेंगे आरक्षित।

Date:

■ महापौर रितु तावड़े की मौजूदगी में होगा एमओयू, आईसीयू, आपातकालीन उपचार, डायलिसिस और सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं भी मिलेंगी।

मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबईकरों को बेहतर और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने महत्वपूर्ण पहल की है। बीएमसी और परेल स्थित ग्लोबल अस्पताल के बीच जल्द ही एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाएगा। इस समझौते के तहत अस्पताल में बीएमसी द्वारा नामित पात्र मरीजों के लिए कुल 37 बेड आरक्षित रखे जाएंगे। यह समझौता मुंबई की महापौर रितु तावड़े की प्रमुख उपस्थिति में किया जाएगा।

महापौर रितु तावड़े ने कहा कि इस समझौते से आम मुंबईकरों के स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों को मजबूती मिलेगी और सार्वजनिक हितों की रक्षा होगी। यह पहल महानगरपालिका प्रशासन की निर्णय लेने की क्षमता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।महापौर ने बताया कि ग्लोबल अस्पताल में कुल 245 बेड हैं। इनमें से 15 प्रतिशत यानी 37 बेड महानगरपालिका द्वारा नामित पात्र मरीजों के लिए आरक्षित रखने की व्यवस्था की जाएगी। इन आरक्षित बेड में सामान्य वार्ड, गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू), आपातकालीन उपचार, डायलिसिस और आवश्यक सुपर स्पेशियलिटी उपचार सुविधाएं शामिल होंगी।

इस व्यवस्था के तहत पात्र मरीजों को केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़े निर्धारित रियायती दरों पर अत्याधुनिक निजी अस्पताल में उपचार कराने का अवसर मिलेगा।इस पूरी व्यवस्था को लागू करने में केईएम अस्पताल की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। पात्र मरीजों का चयन, उनकी चिकित्सकीय जरूरतों का मूल्यांकन और उन्हें ग्लोबल अस्पताल में उपचार के लिए भेजने की प्रक्रिया केईएम अस्पताल के डीन के माध्यम से पूरी की जाएगी। इससे मरीजों के चयन और उपचार की प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।

महापौर रितु तावड़े ने कहा कि सार्वजनिक और निजी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं एक-दूसरे की प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि पूरक बन सकती हैं। निजी अस्पतालों के पास अत्याधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ उपचार की सुविधाएं हैं, जबकि महानगरपालिका के पास व्यापक सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था और जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचने का मजबूत नेटवर्क है। इन दोनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से मुंबई में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता में सुधार होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इस समझौते की प्रभावी अंमलबजावणी के बाद अन्य पात्र निजी अस्पतालों में भी इसी तरह की व्यवस्था विकसित करने का रास्ता खुल सकता है।महापौर ने समझौते के क्रियान्वयन पर नियमित निगरानी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आरक्षित बेड वास्तव में मरीजों के लिए उपलब्ध रहें, उपचार के दौरान मरीजों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और इलाज की दरों में पूरी पारदर्शिता बनी रहे, यह सुनिश्चित करना महानगरपालिका की प्राथमिकता होगी।

इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को निजी क्षेत्र की अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related