■ अधिक किराया चुकाने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा देने की मांग, मध्य और पश्चिम रेलवे की एक-एक एसी लोकल में प्रायोगिक तौर पर कुशन वाली सीटें लगाने का सुझाव।
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई की एसी लोकल ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अब अधिक आरामदायक सीटें उपलब्ध कराने की मांग उठने लगी है। भारतीय जनता पार्टी, उत्तर मध्य मुंबई जिला के महामंत्री शुभांशु दीक्षित ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मुंबई की एसी लोकल ट्रेनों में गद्देदार (कुशन वाली) सीटें लगाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा है कि एसी लोकल में यात्रा करने वाले यात्री सामान्य लोकल ट्रेनों के प्रथम श्रेणी के यात्रियों की तुलना में अधिक किराया चुकाते हैं, ऐसे में उन्हें बेहतर और आरामदायक बैठने की सुविधा मिलनी चाहिए।


शुभांशु दीक्षित ने अपने पत्र में बताया है कि वर्तमान में मुंबई की एसी लोकल ट्रेनों में लोहे की सख्त सीटें लगी हुई हैं, जबकि सामान्य नॉन-एसी लोकल ट्रेनों के प्रथम श्रेणी के डिब्बों में गद्देदार सीटों की सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में अधिक किराया देने के बावजूद एसी लोकल के यात्रियों को अपेक्षाकृत कम आरामदायक सीटों पर सफर करना पड़ता है। उन्होंने इस व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया है।
उन्होंने रेल मंत्री से मांग की है कि एसी लोकल ट्रेनों में मौजूदा सख्त सीटों की जगह आरामदायक और गद्देदार सीटें लगाने की संभावनाओं पर विचार किया जाए। इसके लिए इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) और संबंधित रेलवे अधिकारियों से तकनीकी व्यवहार्यता का अध्ययन कराने का सुझाव भी दिया है।
दीक्षित ने प्रस्ताव रखा है कि शुरुआत में मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे की एक-एक एसी लोकल ट्रेन में प्रायोगिक तौर पर कुशन वाली सीटें लगाई जाएं। इसके बाद यात्रियों की प्रतिक्रिया और अनुभव के आधार पर इस व्यवस्था को अन्य एसी लोकल ट्रेनों में भी लागू किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया है कि सीटों के डिजाइन और व्यवस्था को अंतिम रूप देने से पहले दैनिक यात्रियों तथा यात्री संगठनों से चर्चा की जाए। इससे ऐसी सीटें तैयार की जा सकेंगी, जो यात्रियों के लिए आरामदायक होने के साथ-साथ सुरक्षा के मानकों पर भी खरी उतरें और डिब्बों में खड़े होकर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए पर्याप्त जगह बनी रहे।
इसके अलावा, उन्होंने भविष्य में खरीदी जाने वाली या तैयार होने वाली एसी उपनगरीय ट्रेनों में गद्देदार और आरामदायक सीटों को मानक सुविधा के रूप में शामिल करने की मांग की है।
शुभांशु दीक्षित ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस मामले में व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने और संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देने का अनुरोध किया है। उनका मानना है कि इस पहल से मुंबई की एसी लोकल ट्रेनों में सफर करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सकेगा।


