■ अरुण शौरी की पुस्तक में भी सावरकर से जुड़े तथ्यों का उल्लेख, क्या शिंदे गुट उसे भी फाड़ेगा? सावरकर के परपोते ने अदालत में 10 माफीनामे देने की बात स्वीकार की: सचिन सावंत।
मुंबई वार्ता संवाददाता

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ में वीर सावरकर का अपमान किए जाने का आरोप लगाते हुए एकनाथ शिंदे की शिवसेना के प्रवक्ताओं द्वारा पुस्तक फाड़े जाने और उस पर प्रतिबंध लगाने की मांग किए जाने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं तेलंगाना के सह-प्रभारी सचिन सावंत ने शिंदे गुट पर पलटवार करते हुए सवाल किया है कि क्या वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के दूसरे सरसंघचालक एमएस गोलवलकर की पुस्तक ‘बंच ऑफ थॉट्स’ को भी फाड़ेगा, जिसमें सावरकर की हिंदुत्व संबंधी विचारधारा पर सवाल उठाए गए हैं और उन्हें कथित तौर पर राष्ट्रद्रोही कहा गया है?सचिन सावंत ने यह सवाल मुंबई स्थित तिलक भवन में आयोजित पत्रकार परिषद में उठाया।


उन्होंने कहा कि यदि शिंदे सेना को लगता है कि सोनिया गांधी की पुस्तक में सावरकर का अपमान किया गया है, तो उसे गोलवलकर की पुस्तक पर भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। क्या शिंदे गुट सावरकर को राष्ट्रद्रोही बताने वाली इस पुस्तक को भी फाड़ेगा? क्या वह संघ की विचारधारा वाली सरकार से बाहर निकलने का साहस दिखाएगा?सावंत ने भाजपा नेता अरुण शौरी की पुस्तक ‘द न्यू आइकन – सावरकर एंड द फैक्ट्स’ का भी उल्लेख किया।


उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में भी सावरकर से जुड़े ऐसे तथ्यों का उल्लेख किया गया है। क्या शिंदे सेना अरुण शौरी की पुस्तक भी फाड़ेगी? उन्होंने कहा कि शिंदे गुट के नेताओं को पहले इतिहास का अध्ययन करना चाहिए और उसके बाद किसी पुस्तक पर अपनी प्रतिक्रिया देनी चाहिए।सचिन सावंत ने आरोप लगाया कि एकनाथ शिंदे की पार्टी की राजनीति खोखों से शुरू होकर खोखों पर ही समाप्त होती है। उन्हें न तो संविधान द्वारा दिए गए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार की जानकारी है और न ही यह समझ है कि विचारों का जवाब विचारों से दिया जाता है। सोनिया गांधी की पुस्तक फाड़ने वाले पांचों प्रवक्ता अलग-अलग राजनीतिक दलों से शिंदे सेना में आए हैं और उनकी अपनी कोई विचारधारा नहीं है।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक के पृष्ठ संख्या 201 पर सावरकर का केवल संक्षिप्त उल्लेख किया है और उसमें लिखी गई बातें ऐतिहासिक तथ्यों पर आधारित हैं। सोनिया गांधी का राजनीतिक जीवन महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों से प्रेरित रहा है। यदि शिंदे सेना के नेताओं ने पुस्तक का अध्ययन किया होता, तो वे इस तरह की हरकत नहीं करते।सावरकर के माफीनामों के मुद्दे पर सावंत ने पुणे की अदालत में राहुल गांधी और सात्यकी सावरकर के बीच चल रहे मानहानि मामले का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में सावरकर के परपोते सात्यकी सावरकर ने अपनी गवाही के दौरान स्वीकार किया है कि सावरकर ने दस बार माफीनामे दिए थे। सावंत के अनुसार, सात्यकी सावरकर ने अपनी गवाही में सावरकर को दी गई ‘वीर’ उपाधि, माफीनामों, पेंशन, मुस्लिम लीग के साथ मिलकर सरकार बनाने और महात्मा गांधी की हत्या से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी बयान दिया है।
सावंत ने आगे कहा कि सोनिया गांधी की पुस्तक में सावरकर का जितना उल्लेख किया गया है, उससे कहीं अधिक आपत्तिजनक बातें गोलवलकर की पुस्तक में हैं। अरुण शौरी की पुस्तक में भी सावरकर से जुड़े तथ्यों का उल्लेख है। इसके बावजूद एकनाथ शिंदे का गुट आज उसी विचारधारा वाली पार्टी के साथ सत्ता में शामिल है और सरकार में कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सावरकर का वास्तविक अपमान दक्षिणपंथी विचारधारा के लोग ही कर रहे हैं। सावरकर को भारत रत्न देने की मांग करना और उनके नाम पर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करना भी उनके अनुसार सावरकर के विचारों और इतिहास का राजनीतिक इस्तेमाल है। सचिन सावंत ने कहा कि सावरकर के नाम पर राजनीति करने वालों को पहले उनके इतिहास और विचारधारा से जुड़े तथ्यों का जवाब देना चाहिए।


