मुंबई के 10,447 अग्निशमन हाइड्रेंट में से लगभग 9,500 हाइड्रेंट खराब अथवा उपयोग के योग्य नहीं ।

Date:

■ अग्निशमन हाइड्रेंट व्यवस्था का विशेष तकनीकी ऑडिट कर 90 दिनों में सुधार कार्ययोजना लागू करें – नगरसेवक डॉ. नितेश राजहंस सिंह की मनपा आयुक्त से मांग

मुंबई वार्ता संवाददाता

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई जैसे घनी आबादी वाले महानगर में आगजनी की घटनाओं पर तत्काल नियंत्रण पाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मुंबई महानगरपालिका की अग्निशमन हाइड्रेंट व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होने का मुद्दा उठाते हुए नगरसेवक डॉ. नितेश राजहंस सिंह ने मनपा प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है।

मुंबई में कुल 10,447 अग्निशमन हाइड्रेंट में से लगभग 9,500 हाइड्रेंट खराब अथवा उपयोग के योग्य नहीं होने की जानकारी उपलब्ध आंकड़ों में सामने आई है। इस गंभीर विषय को लेकर डॉ. सिंह ने संपूर्ण हाइड्रेंट व्यवस्था का विशेष तकनीकी ऑडिट, वास्तविक स्थिति का सर्वेक्षण तथा तत्काल मरम्मत और सुधार कार्य शुरू करने की मांग की है।

इस संबंध में डॉ. नितेश राजहंस सिंह ने 17 नवंबर 2026 को मुंबई महानगरपालिका आयुक्त को विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। इसकी प्रतिलिपि मुख्य अग्निशमन अधिकारी, मुंबई अग्निशमन दल तथा प्रमुख अभियंता (जल अभियंता विभाग) को भी भेजी गई है।मुंबई में ऊंची इमारतों, झोपड़पट्टियों, बाजारों, व्यावसायिक परिसरों और औद्योगिक क्षेत्रों की संख्या काफी अधिक है। ऐसी जगहों पर आग लगने की स्थिति में अग्निशमन दल को तत्काल और पर्याप्त दबाव के साथ पानी उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है। लेकिन यदि कई स्थानों पर फायर हाइड्रेंट बंद, खराब अथवा उपयोग के योग्य नहीं हैं, तो आग बुझाने के अभियान पर गंभीर असर पड़ सकता है। यह केवल तकनीकी या प्रशासनिक विषय नहीं, बल्कि मुंबईकरों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत गंभीर मामला है।

ज्ञापन में डॉ. सिंह ने मुंबई महानगरपालिका के सभी फायर हाइड्रेंट की कुल अधिकृत संख्या, वार्डवार एवं विभागवार स्थिति, कितने हाइड्रेंट कार्यरत हैं और कितने खराब अथवा बंद पड़े हैं, इसकी विस्तृत जानकारी मांगी है। साथ ही पिछले पांच वर्षों में हाइड्रेंट की मरम्मत पर किए गए खर्च, स्वीकृत निधि, वास्तविक खर्च, संबंधित ठेकेदारों की जिम्मेदारी और रखरखाव का दायित्व किस विभाग के पास है, इसका भी ब्यौरा मांगा गया है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया है कि फायर हाइड्रेंट के रखरखाव और मरम्मत के लिए प्रतिवर्ष कितना बजटीय प्रावधान किया जाता है, उसमें से वास्तव में कितनी राशि खर्च होती है, क्या इसके लिए स्वतंत्र बजट हेड है और मरम्मत का काम पूरा होने के बाद हाइड्रेंट की कार्यक्षमता की जांच किए बिना ठेकेदारों को भुगतान तो नहीं किया जाता?इसके अलावा मुंबई के City, Eastern Suburbs और Western Suburbs इन तीनों विभागों में हाइड्रेंट की अलग-अलग जानकारी सार्वजनिक करने, प्रत्येक हाइड्रेंट का GPS आधारित डिजिटल मैपिंग करने तथा पानी की उपलब्धता और दबाव की नियमित जांच Flow and Pressure Test के माध्यम से करने की मांग भी की गई है।

वैकल्पिक जलापूर्ति व्यवस्था पर भी उठाए सवालफायर हाइड्रेंट व्यवस्था के सुचारु रूप से काम नहीं करने पर अग्निशमन दल को वैकल्पिक जलापूर्ति व्यवस्था पर निर्भर रहना पड़ता है। इस संदर्भ में मुंबई अग्निशमन दल के पास उपलब्ध वैकल्पिक जलापूर्ति केंद्रों की कुल संख्या, उनकी कार्यक्षमता, जंबो वाटर टैंकरों की संख्या, प्रत्येक टैंकर की जल भंडारण क्षमता तथा उनके रखरखाव और संचालन पर होने वाले वार्षिक खर्च की जानकारी भी मांगी गई है।

■ प्रशासन से की गईं 10 प्रमुख मांगें

डॉ. नितेश राजहंस सिंह ने महानगरपालिका प्रशासन से निम्नलिखित मांगें की हैं :

1. संपूर्ण मुंबई के फायर हाइड्रेंट का विशेष तकनीकी ऑडिट कराया जाए।

2. सभी हाइड्रेंट का वार्डवार सर्वेक्षण कर कार्यरत एवं खराब हाइड्रेंट की अधिकृत सूची सार्वजनिक की जाए।

3. बंद एवं खराब पड़े हाइड्रेंट की तत्काल मरम्मत कर उन्हें पुनः कार्यान्वित किया जाए।

4. आवश्यकता के अनुसार नए आधुनिक फायर हाइड्रेंट स्थापित किए जाएं।

5. प्रत्येक हाइड्रेंट की नियमित जांच और रखरखाव के लिए स्वतंत्र व्यवस्था बनाई जाए।

6. हाइड्रेंट की देखभाल एवं मरम्मत के लिए स्वतंत्र बजटीय प्रावधान किया जाए।

7. पिछले पांच वर्षों के स्वीकृत बजट, वास्तविक खर्च, ठेकों और ऑडिट रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए।

8. प्रत्येक प्रशासनिक विभाग में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही निश्चित कर उनसे नियमित रिपोर्ट ली जाए।

9. संपूर्ण मुंबई के हाइड्रेंट का GPS आधारित डिजिटल मैपिंग किया जाए।

10. इस संपूर्ण कार्य के लिए पहले 90 दिनों की कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।

■ दुर्घटना के बाद उपाय करने के बजाय दुर्घटना से पहले सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना जरूरी

डॉ. नितेश राजहंस सिंह ने कहा कि फायर हाइड्रेंट केवल महानगरपालिका की एक बुनियादी सुविधा नहीं है, बल्कि यह मुंबईकरों के जीवन की सुरक्षा से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण व्यवस्था है। आग लगने के बाद राहत और बचाव के उपाय करने से बेहतर है कि आग लगने से पहले ही आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को सक्षम और कार्यक्षम रखा जाए।

उन्होंने मनपा प्रशासन से मांग की है कि इस विषय को केवल नियमित प्रशासनिक कार्यवाही के रूप में न देखते हुए नागरिकों की सुरक्षा और सार्वजनिक हित से जुड़े गंभीर मुद्दे के रूप में लिया जाए तथा अग्निशमन हाइड्रेंट व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related