■ 23 से 27 नवंबर तक घर-घर जाकर चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान, कोई भी बच्चा टीकाकरण से न छूटे, इसके लिए बीएमसी ने बनाई व्यापक योजना।
मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) क्षेत्र में रविवार, 22 नवंबर 2026 को उपराष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (एसएनआईडी) के अवसर पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पांच वर्ष से कम उम्र के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 23 से 27 नवंबर तक स्वास्थ्य कर्मचारियों की ओर से घर-घर जाकर विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य पांच वर्ष से कम उम्र के प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षा प्रदान करना है।


भारत सरकार और महाराष्ट्र सरकार के निर्देशों के अनुसार आयोजित इस अभियान की तैयारियों को लेकर बीएमसी के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से 19 नवंबर को शहरी टीकाकरण के लिए शहर स्तरीय कार्यबल की बैठक आयोजित की गई।


बैठक में बीएमसी के कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संतोष गायकवाड और उपकार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वर्षा पुरी के अलावा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), यूनिसेफ, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी), विभिन्न मेडिकल कॉलेजों, एकीकृत बाल विकास सेवा योजना (आईसीडीएस), भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संगठनों के नेताओं और अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
बैठक में बताया गया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वर्ष 2014 में भारत को आधिकारिक रूप से पोलियो मुक्त घोषित किया था। हालांकि, पड़ोसी देशों में पोलियो वायरस का प्रसार अब भी जारी है। ऐसे में भारत में इस वायरस के दोबारा प्रवेश का खतरा बना हुआ है। देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने और अब तक हासिल की गई उपलब्धियों को सुरक्षित रखने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने पल्स पोलियो अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।बैठक में उन बच्चों की पहचान करने पर विशेष जोर दिया गया, जिन्हें अब तक टीकाकरण की एक भी खुराक नहीं मिली है। ऐसे बच्चों को जीरो डोज चिल्ड्रेन कहा जाता है।
इसके साथ ही अधूरे टीकाकरण वाले बच्चों की पहचान, टीकाकरण से वंचित रह जाने वाले बच्चों की संख्या कम करने और टीकाकरण को लेकर लोगों में फैली गलत धारणाओं एवं उदासीनता दूर करने पर भी चर्चा की गई।मेडिकल कॉलेजों के माध्यम से चलाए जा रहे परिवार दत्तक कार्यक्रम के तहत उच्च जोखिम वाले इलाकों में घर-घर जाकर बच्चों के टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली जाएगी। साथ ही टीकाकरण से इनकार करने वाले परिवारों की काउंसलिंग की जाएगी।
बाल रोग विशेषज्ञों और निजी डॉक्टरों से भी अपील की गई है कि वे टीकाकरण की खुराक छूट चुके बच्चों की पहचान कर उन्हें टीकाकरण के लिए भेजें।एकीकृत बाल विकास सेवा योजना के कर्मचारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से भी लाभार्थियों की पहचान, सामुदायिक भागीदारी और टीकाकरण के बाद बच्चों की स्थिति का जायजा लिया जाएगा। अभियान को प्रभावी बनाने और लोगों के मन में मौजूद भ्रम दूर करने के लिए मोहल्ला समितियों, मुंबई पुलिस, धार्मिक नेताओं और समाज के प्रभावशाली लोगों के सहयोग से सामुदायिक बैठकें और जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
बीएमसी के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों और बच्चों की देखभाल करने वालों से अपील की है कि वे 22 नवंबर को पांच वर्ष से कम उम्र के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन बच्चों को पहले भी पोलियो की खुराक दी जा चुकी है, उन्हें भी इस अभियान के दौरान दो बूंद पिलाना जरूरी है। बीएमसी ने स्वास्थ्य संस्थाओं, सरकारी विभागों और सामुदायिक संगठनों के समन्वय से यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है कि कोई भी बच्चा पोलियो टीकाकरण से वंचित न रहे।


