■ धारावी के सभी घरों, दुकानों, कारखानों और धार्मिक स्थलों को पात्र घोषित कर वहीं पुनर्वास करने की मांग; सांसद वर्षा गायकवाड़ के नेतृत्व में होगा आंदोलन।
मुंबई वार्ता संवाददाता

धारावी पुनर्विकास परियोजना को लेकर मुंबई कांग्रेस ने स्थानीय निवासियों के अधिकारों और पुनर्वास के मुद्दे पर आंदोलन का ऐलान किया है। कांग्रेस की मांग है कि धारावी का पुनर्विकास अडानी समूह की मर्जी के अनुसार नहीं, बल्कि धारावीकरों की इच्छा और उनके कानूनी अधिकारों के अनुसार होना चाहिए। प्रत्येक धारावी निवासी को उसका हक का घर और उचित पुनर्वास मिलना चाहिए।


इन्हीं मांगों को लेकर मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष एवं सांसद प्रो. वर्षा एकनाथ गायकवाड़ के नेतृत्व में शनिवार, 28 नवंबर 2026 को ‘धारावी बचाओ धड़क मोर्चा’ निकाला जाएगा। यह मोर्चा सुबह 11 बजे मुकुंद नगर स्थित संविधान चौक, त्रिकोणी गार्डन, धारावी से शुरू होगा और धारावी एक्सपीरियंस सेंटर पर धड़क मोर्चे के रूप में पहुंचेगा।


मुंबई कांग्रेस ने इस आंदोलन के माध्यम से मांग की है कि धारावी में मौजूद सभी घरों, दुकानों, कारखानों और धार्मिक स्थलों को पुनर्विकास के लिए पात्र घोषित किया जाए और सभी का पुनर्वास धारावी में ही किया जाए। कांग्रेस का कहना है कि घर के बदले घर और दुकान के बदले दुकान दी जाए तथा इसके लिए भी धारावी के बाहर किसी अन्य स्थान का विकल्प स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस ने देवनार, मालवणी, मुकुंद नगर और कुर्ला जैसे अन्य स्थानों पर धारावीकरों के पुनर्वास का विरोध करते हुए स्पष्ट किया है कि स्थानीय निवासियों को धारावी में ही बसाया जाना चाहिए। इसके अलावा, धारावी के लोगों को कथित तौर पर गुंडों के माध्यम से धमकाने और इलाके में डर का माहौल बनाने की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग भी की गई है।
मुंबई कांग्रेस ने सरकारी तंत्र और प्रशासन के माध्यम से स्थानीय निवासियों पर दबाव डालने की कथित कोशिशों को बंद करने तथा धारावी विकास परियोजना का मास्टर प्लान सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई है।
मुंबई कांग्रेस की ओर से धारावी के सभी निवासियों, सामाजिक संगठनों और समर्थकों से इस मोर्चे में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। कांग्रेस का कहना है कि धारावी का विकास स्थानीय लोगों के अधिकारों और हितों को सुरक्षित रखते हुए ही होना चाहिए।


