घाटकोपर रेलवे स्टेशन के सार्वजनिक शौचालय में 60 वर्षीय महिला से दुष्कर्म, 25 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार देर रात सुरक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। स्टेशन के सार्वजनिक शौचालय में 60 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने महिला के माथे पर चोट भी पहुंचाई। घटना के बाद सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शुक्रवार को 25 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।इस घटना ने मुंबई के उपनगरीय रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस शौचालय में वारदात हुई, वहां उस समय कोई कर्मचारी तैनात नहीं था।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला खडवली की रहने वाली है और घाटकोपर में दिहाड़ी मजदूरी करती है। गुरुवार को वह अपनी 18 वर्षीय बेटी के साथ काम पर आई थी। काम खत्म करने के बाद मां-बेटी खडवली जाने के लिए ट्रेन पकड़ने घाटकोपर रेलवे स्टेशन पहुंचीं।रात करीब 11 बजकर 12 मिनट पर महिला प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर अपनी बेटी को छोड़कर स्टेशन के शौचालय में गई। इसी दौरान एक युवक भी कुछ देर बाद शौचालय में दाखिल हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अंदर से शौचालय का दरवाजा बंद कर लिया और वहां बने गलियारे में महिला के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने महिला के माथे पर भी चोट पहुंचाई।स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की गतिविधियां कैद हो गईं।

फुटेज के मुताबिक, आरोपी रात 11 बजकर 19 मिनट पर शौचालय से बाहर निकला और तेजी से घाटकोपर मेट्रो स्टेशन की दिशा में भाग गया।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

इस वारदात ने रेलवे स्टेशनों के सार्वजनिक शौचालयों में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सवाल उठ रहा है कि देर रात महिलाओं के इस्तेमाल वाले शौचालयों में कर्मचारियों की तैनाती क्यों नहीं थी और वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related