■ कस्टम विभाग का दावा- देश में पहली बार परफ्यूम की बोतलों में लिक्विड गोल्ड की तस्करी का मामला पकड़ा गया, ट्रॉली बैग के पुर्जों और ईयरबड्स में भी छिपाया था सोना।
मुंबई वार्ता संवाददाता

छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी के एक अनोखे तरीके का पर्दाफाश करते हुए 3.05 करोड़ रुपये मूल्य का 2.9 किलोग्राम सोना जब्त किया है। इस मामले में विदेश से मुंबई पहुंचे 10 यात्रियों को पकड़ा गया है।


कस्टम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, तस्करों ने सोने को छिपाने के लिए परफ्यूम की बोतलों सहित कई तरह के सामानों का इस्तेमाल किया था।कस्टम विभाग के अधिकारियों ने इसे देश में परफ्यूम की बोतलों के जरिए सोने की तस्करी का पहला मामला बताया है। यह कार्रवाई 28 और 29 नवंबर के बीच मुंबई एयरपोर्ट पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) के अधिकारियों ने की।जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि तस्करों ने 24 कैरेट सोने को तरल रूप में परफ्यूम की बोतलों के अंदर छिपाया था।
इसके अलावा सोने को ट्रॉली बैग के स्क्रू, तारों, बैग के पहियों और ईयरबड्स के अंदर छिपाए गए विभिन्न पुर्जों में भी रखा गया था।कस्टम अधिकारियों ने अलग-अलग तरीकों से छिपाकर लाया गया कुल 2.9 किलोग्राम सोना बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 3.05 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कस्टम विभाग अब गिरफ्तार किए गए यात्रियों से पूछताछ कर रहा है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है और बरामद सोना कहां से लाया गया था। मामले में आगे की जांच जारी है।


