■ संगठन को मजबूत करने के लिए कर्मठ और मेहनती कार्यकर्ताओं को दी जा रही जिम्मेदारी।
ʼ सिर्फ काम करने वालों को ही संगठन में मिलेगा पद, महाराष्ट्र में जमीनी स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प।
मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य के विभिन्न जिलों में संगठनात्मक मजबूती और पार्टी कार्य को गति देने की दिशा में कदम उठाया है। इसी क्रम में राज्यभर के तालुका अध्यक्षों की नियुक्तियाँ प्रत्यक्ष साक्षात्कार के माध्यम से की जा रही हैं। अब तक प्रदेशाध्यक्षों ने स्वयं इंटरव्यू लेकर कुल 83 तालुका अध्यक्षों की नियुक्तियाँ की हैं। पार्टी के जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे कार्यकुशल और मेहनती कार्यकर्ताओं को इस प्रक्रिया के माध्यम से महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का अवसर देने हेतु कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस निर्णय का कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जा रहा है।
पार्टी संगठन में नया उत्साह निर्माण हुआ है और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्राप्त हुई है।पार्टी निरीक्षकों ने जिलों का दौरा कर स्थानीय पदाधिकारियों से चर्चा की और कुछ नामों की सिफारिश प्रदेश कांग्रेस को सौंपी थी। प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व में कार्यरत चयन समिति द्वारा लिए गए साक्षात्कारों के बाद ये नियुक्तियाँ की गईं हैं।
इस चयन समिति में कांग्रेस वर्किंग कमिटी के सदस्य वरिष्ठ नेता बालासाहब थोरात, विधानमंडल कांग्रेस पार्टी के नेता आ. विजय वडेट्टीवार, विधान परिषद में कांग्रेस गुटनेता आ. सतेज उर्फ बंटी पाटील, प्रदेश कार्याध्यक्ष और कांग्रेस वर्किंग कमिटी के सदस्य नसीम खान, सांसद चंद्रकांत हंडोरे, सांसद प्रणिती शिंदे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव बी.एम. संदीप, कुणाल चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष अॅड. गणेश पाटील आदि का समावेश है।यह चयन प्रक्रिया अभी भी जारी है और शेष तालुकों की नियुक्तियाँ जल्द ही घोषित की जाएंगी। यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, कार्यक्षमता पर आधारित है और इसका उद्देश्य जमीनी कार्यकर्ताओं को संगठन में अवसर देना है।
अब तक की गई नियुक्तियों में अकोला – 8, बुलढाणा – 19, चंद्रपूर – 2, जलगांव – 8, सिंधुदुर्ग – 1, उल्हासनगर – 1, रत्नागिरी – 6, ठाणे शहर – 3, ठाणे ग्रामीण – 5, अहिल्यानगर – 3, सांगली – 2, पुणे – 2, सोलापुर – 1, अमरावती – 2, धाराशिव – 1, जालना – 7, हिंगोली – 2, छत्रपति संभाजीनगर – 6, बीड – 3, यवतमाळ – 1 जैसी नियुक्तियाँ की गई हैं। शेष नियुक्तियाँ भी जल्द घोषित की जाएंगी, ऐसी जानकारी प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष (संगठन व प्रशासन) अॅड. गणेश पाटील ने दी है।