मुंबई वार्ता संवाददाता

खार पुलिस ने गणपति विसर्जन के दौरान महिला की चोरी हुई बैग के मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की 100 प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 66 हजार 500 रुपये है।


पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता मानसी महेंद्र चिले (43), विरार पूर्व, पालघर निवासी हैं। 19 सितंबर 2026 को शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच वह अपने रिश्तेदारों के साथ गणपति विसर्जन के लिए खार दांडा जेट्टी गई थीं। विसर्जन के लिए जाते समय उन्होंने अपनी बैग रिक्शा में रखी थी। विसर्जन के बाद जब वह रिक्शा के पास वापस लौटीं तो बैग वहां नहीं मिली।
उन्होंने आसपास तलाश करने के साथ ही रिक्शा चालक से भी पूछताछ की, लेकिन बैग का कोई पता नहीं चला। बैग में करीब 39 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 60 हजार रुपये, 2,500 रुपये नकद और करीब 4,000 रुपये कीमत के कपड़े थे। इस तरह चोरी गए सामान की कुल कीमत 3 लाख 66 हजार 500 रुपये थी।
इस मामले में खार पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 1578/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने शैलेंद्रकुमार दीनानाथ कश्यप (33), निवासी खार दांडा, खार पश्चिम, मुंबई को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। पूछताछ और कार्रवाई के बाद उसके पास से चोरी की पूरी संपत्ति बरामद कर ली गई।
यह कार्रवाई खार पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष काटे और पुलिस निरीक्षक (अपराध) प्रकाश मोरे के मार्गदर्शन में की गई। मामले में पोलीस उपनिरीक्षक चौधरी जांच अधिकारी हैं, जबकि पोलीस उपनिरीक्षक शिरसाठ ने मामला दर्ज किया।
गुन्हे प्रकटीकरण पथक की कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक कुंभारे, पोलीस उपनिरीक्षक चौधरी तथा पुलिस हेड कांस्टेबल कांबळे, निकम और पुलिस कांस्टेबल सावंत, लहामागे, कांबळे, कदम, खेडकर और चव्हाण शामिल रहे।


