श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

ड्रग्स मामले में फरार हिस्ट्रीशीटर अकबर खाउ को मुंबई एंटी नार्कोटिक्स सेल की घाटकोपर यूनिट ने उड़ीसा से गिरफ्तार किया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार घाटकोपर ANC ने एफआईआर क्रमांक 87/2025 के तहत फरीद रहमतुल्लाह शेख उर्फ फरीद चूहा को 64 ग्राम एमडी समेत गिरफ्तार किया था। इसी मामले में अहमद मोहम्मद शफी उर्फ अकबर खाउ फरार चल रहा था। अकबर के खिलाफ कुर्ला पुलिस थाने में 7 NDPS मामलों समेत कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।


पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी कि अकबर उडीसा में छिप कर रह रहा है। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसे उडीसा से गिरफ्तार किया है।मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने अकबर को आगामी 7 नवंबर तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है।
सह पुलिस आयुक्त लखमी गौतम (अपराध), अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेश बालकवडे, पुलिस उपायुक्त (ANC, मुंबई) नवनाथ ढवले, सहायक पुलिस आयुक्त सुधीर हीरडेकर के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई घाटकोपर यूनिट ANC के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल ढोले, पुलिस निरीक्षक भगवान बेले, पुलिस निरीक्षक दिगंबर पाटिल एवं टीम ने की है।


