श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के गोवंडी स्थित शिवाजीनगर में राशन की दुकान को सुचारू रूप से चलने देने और दुकान में कथित कालाबाजारी की शिकायत शिधावाटप अधिकारियों से नहीं करने के बदले एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में देवनार पुलिस ने एक आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जैन नफीज हैदर सय्यद के रूप में हुई है। इस बात की जानकारी पुलिस उपायुक्त समीर शेख ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।


पुलिस के अनुसार आरोपी पत्रकार है। मामले में उसके अन्य साथी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस उपायुक्त समीर शेख के मुताबिक, कुछ लोगों ने कथित तौर पर आपस में मिलीभगत कर राशन दुकान संचालक से एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी। आरोपियों ने धमकी दी थी कि यदि दुकान के खिलाफ राशन वितरण अधिकारियों से शिकायत नहीं करनी है और दुकान को बिना किसी परेशानी के चलाना है, तो रकम देनी होगी। इस दौरान 17 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रकम कथित तौर पर स्वीकार की गई। इसके बाद आरोपियों ने बाकी रकम नहीं देने पर शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी दी।


पुलिस उपायुक्त समीर शेख के अनुसार 19 सितंबर को आरोपियों ने एक बार फिर बकाया रकम की मांग की। इसके बाद शिकायतकर्ता ने देवनार पुलिस थाने पहुंचकर पूरी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पहले पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।पुलिस द्वारा लगाए गए जाल में आरोपी जैन नफीज हैदर सय्यद 25,500 रुपये की रंगदारी की नकद रकम लेकर भागने की कोशिश करते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया।


पुलिस ने उसके कब्जे से रकम बरामद कर ली। मामले में शामिल उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।शिकायतकर्ता की तहरीर पर 20 सितंबर 2026 को देवनार पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 834/2026 दर्ज किया गया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(5) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे जांच जारी है।


