मुंबई वार्ता संवाददाता।भिवंडी

भिवंडी में “एकता का राजा” कहे जाने वाले धामणकर नाका मित्र मंडळ के 37वें सार्वजनिक गणेशोत्सव समारोह का शुभारंभ रविवार को विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया गया। मंडल अध्यक्ष संतोष शेट्टी और शशिलता शेट्टी के शुभहस्तों से गणेशोत्सव सजावट कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ।


इस वर्ष गणेशोत्सव में मथुरा (उत्तर प्रदेश) स्थित वृंदावन चंद्रोदय इस्कॉन मंदिर की प्रतिकृति के रूप में 150 फीट ऊंचे भव्य देखावे की सजावट की जाएगी। इस देखावे का अनावरण भिवंडी इस्कॉन मंदिर के श्री सुदाम दास के हाथों संपन्न हुआ। विशेष बात यह रही कि 37वां वर्ष होने के उपलक्ष्य में मान्यवरों के हस्ते 37 नारियल फोड़कर भूमिपूजन संपन्न किया गया। शासन द्वारा दिए गए पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव के निर्देशों का पालन करते हुए, मंडल द्वारा पिछले कई वर्षों से पर्यावरण-संवेदनशील सजावट की जा रही है।
इस बार 10 फीट ऊंची पर्यावरणपूरक मिट्टी की गणेश मूर्ति मंडल द्वारा स्थापित की जाएगी, यह जानकारी मंडल के संस्थापक अध्यक्ष संतोष एम. शेट्टी ने दी। इस आयोजन को सफल बनाने में मंडल के मोहन बल्लेवार, हसमुख पटेल, संजय शाह, दिलीप पोद्दार, राजेश शेट्टी, तारु जाधव, संतोष जंपाल, रमेश पुजारी, अनिल शेट्टी, प्रशांत पुजारी, दीपक झा और ईश्वर पामु ने विशेष मेहनत की।
इस अवसर पर भाजपा शहराध्यक्ष रवि सावंत, शिवसेना जिला प्रमुख सुभाष माने, भाजपा के पूर्व शहराध्यक्ष अॅड. हर्षल पाटील, शिवसेना पश्चिम शहर प्रमुख शाम पाटील, पूर्व शहर प्रमुख संजय काबुकर तथा भिवंडी इस्कॉन मंदिर के श्री सुदाम दास अपने भक्तमंडल के साथ उपस्थित रहे। मंडल के प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।


