श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

धारावी पुनर्विकास परियोजना (DRP) को लागू कर रही Adani Navbharat Developers Private Limited (ANDPL) ने धारावी के निवासियों को लुभाने के लिए ‘धारावी दीदी’ नाम से एक 24×7 कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित डिजिटल सहायक सेवा शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य पुनर्विकास परियोजना से जुड़ी सही और आधिकारिक जानकारी लोगों तक आसानी से पहुंचाना है।


‘धारावी दीदी’ वीडियो कॉल, वॉइस कॉल और व्हाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध रहेगी। इसके जरिए नागरिक सर्वेक्षण, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, पुनर्वास प्रक्रिया और परियोजना की प्रगति से जुड़े सवालों के तुरंत जवाब प्राप्त कर सकेंगे। फिलहाल यह सेवा हिंदी, मराठी और अंग्रेजी में उपलब्ध है, जबकि आने वाले महीनों में तमिल, तेलुगु और गुजराती भाषाओं को भी जोड़ा जाएगा।


कंपनी के अनुसार, अब तक कई लोग परियोजना से जुड़ी जानकारी के लिए पड़ोसियों या अनौपचारिक स्रोतों पर निर्भर रहते थे, जिससे भ्रम और अफवाहें फैलती थीं। ‘धारावी दीदी’ आधिकारिक और प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराकर इस समस्या को दूर करेगी।
ANDPL का कहना है कि यह AI प्लेटफॉर्म उनकी सूचना, शिक्षा और जनसंपर्क (IEC) पहल का विस्तार है। इससे धारावी के लोगों को कार्यालय समय का इंतजार किए बिना दिन-रात किसी भी समय अपने सवालों के जवाब मिल सकेंगे। कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, ‘धारावी दीदी’ को बेहद सरल इंटरफेस के साथ तैयार किया गया है ताकि पहली बार डिजिटल माध्यम का उपयोग करने वाले लोग भी इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकें।
भविष्य में परियोजना आगे बढ़ने के साथ इसमें नई जानकारियां और अतिरिक्त सेवाएं भी जोड़ी जाएंगी।


