मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

नालासोपारा में एक महिला ने अपने प्रेमी की मदद से अपने पति की हत्या कर दी और शव को घर में दफना दिया। घटना का पता सोमवार सुबह चला। घटना के बाद, पत्नी और उसका प्रेमी फरार हो गए हैं।पुलिस उनकी तलाश कर रही है।


नालासोपारा पूर्व के धानिव बाग के गंगदीपाड़ा में विजय चौहान (३५) अपनी पत्नी चमन देवी चौहान (२८) के साथ रहते थे। वह पिछले १५ दिनों से लापता थे। बिलालपाड़ा में रहने वाले चौहान के दो भाई उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच, चमन देवी दो दिन पहले लापता हो गईं। उसके पीछे-पीछे पड़ोस में रहने वाला मोनू शर्मा नाम का युवक भी लापता हो गया। चमन देवी चौहान और मोनू शर्मा के बीच प्रेम संबंध थे और पता चला कि दोनों भाग गए हैं।


सोमवार सुबह चौहान के दो भाई गंगडीपाड़ा में ओम साईं के घर आए। घर में लगी टाइलों का रंग अलग दिख रहा था। उन्होंने टाइलें हटाईं तो दुर्गंध आने लगी। उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया। पेल्हर पुलिस मौके पर पहुँची और नगर निगम के डॉक्टरों, कर्मचारियों, तहसीलदार और फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से पंचनामा कर शव को बाहर निकाला।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए जेजे अस्पताल भेज दिया है। इस मामले में पेल्हर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है।


