श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

वरिष्ठ भाजपा नेता और मुंबई के पूर्व उप महापौर बाबूभाई भवानजी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हिन्दुओं से सौ प्रतिशत मतदान करके महायुति को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आवाहन किया और कहा कि एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे।
गौरतलब है कि गत दिनों हुई एक सड़क दुर्घटना में वे घायल हो गए हैं। इस हादसे में उनका एक पैर में फ्रैक्चर हो गया है। लेकिन इसके बावजूद वे महायुति के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने के लिए दिन रात एक कर रहे हैं।
बता दें कि भवानजी गत दिनों वडाला विधानसभा सीट के भाजपा उम्मीदवार कालीदास कोलंबकर के चुनाव प्रचार के बाद रात में अपने घर लौट रहे थे कि भोईवाड़ा इलाके में एक कार ने उन्हें टक्कर मार दिया। इस घटना में उनके एक पैर में फैक्चर हो गया है। इस घटना के बाद डाक्टरों ने उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी थी। लेकिन डॉक्टर की सलाह को नजरअंदाज करके वे दूसरे दिन से ही भाजपा और महायुति के उम्मीदवारों के लिए सघन प्रचार अभियान चला रहे हैं।
नए नए तरीके से प्रचार अभियान चलाने के लिए प्रसिद्ध भवानजी ने इस बार प्रभावी प्रचार के लिए अनोखा तरीका ढूंढ निकाला है। उन्होंने इस बार प्रत्येक बिल्डिंग में रहने वाले एक कार्यकर्ता को उसी बिल्डिंग में प्रचार करने और वहां के वोटरों को मतदान केंद्र तक ले जाने की जिम्मेदारी दी है। इस कार्यकर्ता को पन्ना प्रमुख का नाम दिया गया है।उस को उस बिल्डिंग मे रहने वाले तमाम मतदाताओं की मतदार सूची दी जाएगी।वह अपनी टीम बनाएगा, और मतदान के दिन वह दोपहर 12 बजे तक अपनी बिल्डिंग के सौ प्रतिशत मतदाताओं को मतदान करवायेगा ।
भवानजी वडाला तथा सायन कोलीवाडा विधान सभा क्षेत्रों में खुद इस अभियान पर नजर रख रहे हैं। उनके साथ इस काम में भाजपा नेता जिगर कारानी, किशोर मेहता,राजूभाई टॉक तथा राजू ठक्कर आदि भी लगे हुए हैं। और यह योजना मुंबई मे भाजपा/महायुति के सभी कार्यालयों में चल रही है.
गौरतलब है कि भवानजी ने पार्टी के प्रचार के लिए अनेक चित्र गीत भी तैयार किया है। प्रचार अभियान में जब ये गीत बजते हैं तो कार्यकर्ताओं में जोश आ जाता है। ये गीत भाजपा सरकारों की उपलब्धियों पर आधारित हैं।
बता दें कि हाल ही में भवानजी ने दादर में हॉकरों, पूर्व सैनिकों, व्यापारियों और प्रवासियों की अलग अलग सभा बुलाकर उन्हें भी भाजपा के प्रचार अभियान में जोर शोर से जुट जाने का आवाहन किया था।