मुंबई वार्ता संवाददाता

कान्यकुब्ज ब्राह्मण मंडल मुंबई द्वारा भाजपा युवा नेता डॉ. नितेश राजहंस सिंह को मुंबई महानगरपालिका में स्वीकृत नगरसेवक नियुक्त किए जाने के अवसर पर एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।


इस अवसर पर कान्यकुब्ज ब्राह्मण मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय शुक्ला ने डॉ. सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शुक्ल ने कहा कि डॉ नितेश सिंह के स्वीकृत नगरसेवक बनाए जाने पर कुर्ला एल वार्ड का चहुंमुखी विकास होगा।


अपने भाषण में डॉ. नितेश सिंह ने कहा कि वे 2007 से लगातार इस क्षेत्र में कार्यरत हैं और इस क्षेत्र की समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए उल्लेख किया कि राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फेरीवालों की नीति पर स्पष्ट रुख अपनाया है।


फेरीवालों के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अवैध रुप से फेरी का धंधा करने वाले और घुसपैठ के मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए राज्य स्तर पर ( पॉलिसी) बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकृत रूप से लाइसेंस वाले फेरीवालों को डरने की जरूरत नहीं है। उन्हें उनका अधिकार मिल कर रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि वे झोपड़पट्टी वाले इलाकों में रहने वाले गरीब उत्तर भारतीय नागरिकों की समस्या को हर संभव सुलझाने का प्रयास करेंगे।कार्यक्रम के समापन पर डॉ. नितेश सिंह ने होली के अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
अतिथियों का स्वागत अजय शुक्ल और कान्यकुब्ज ब्राह्मण मंडल के जयश्री द्विवेदी,सुनील शुक्ला,गीता शुक्ला, शानू शुक्ला,संजय द्विवेदी अन्य पदाधिकारियों ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।


