भारत को अमेरिका का गुलाम बनाने वाली ट्रेड डील रद्द करें: नसीम खान।

Date:

■ मुंबई यूथ कांग्रेस के न्याय सत्याग्रह में पूर्व मंत्री आरिफ नसीम खान की उपस्थिति।

मुंबई वार्ता संवाददाता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के दबाव में आकर ट्रेड डील करके भारत का स्वाभिमान और अस्मिता गिरवी रख दी है। इस ट्रेड डील से भारत को भारी नुकसान होगा और देश का कृषि क्षेत्र तथा हमारे अन्नदाता पूरी तरह से बर्बाद हो जाएंगे। भारत को अमेरिका का गुलाम बनाने वाली यह ट्रेड डील रद्द की जानी चाहिए, ऐसी मांग कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य और पूर्व मंत्री नसीम खान ने की है।

मुंबई यूथ कांग्रेस द्वारा आयोजित न्याय सत्याग्रह आंदोलन के पांचवें दिन कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य और पूर्व कैबिनेट मंत्री आरिफ नसीम खान उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर मुंबई यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन और सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद थे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नसीम खान ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी की सरकार अपने राजनीतिक फायदे के लिए देश में हिंदू-मुस्लिम मुद्दों को आगे कर समाज में विभाजन पैदा कर रही है। भाजपा सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए धार्मिक मुद्दे उठाती है, लेकिन जनता भाजपा की साजिश को समझ चुकी है। देश में बेरोजगारी और महंगाई पर भाजपा सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, उद्योग-व्यवसाय बंद हो रहे हैं, लेकिन मोदी सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने युवाओं से भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी नियमों के विरुद्ध काम कर रही है। केंद्र, राज्य और महानगरपालिका स्तर पर मनमानी चल रही है। बीएमसी में विकास निधि के वितरण में भेदभाव किया जा रहा है। सत्ताधारी दल को एक न्याय और विपक्ष को दूसरा न्याय दिया जा रहा है। सभी दलों को समान रूप से विकास निधि मिलनी चाहिए।

नसीम खान ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, लेकिन पिछले 8-10 वर्षों से चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठ रहे हैं। कई शिकायतें सामने आई हैं और ईवीएम को लेकर भी कई राजनीतिक दलों और नेताओं ने संदेह व्यक्त किया है। यदि मशीन पर संदेह है, तो उसका निराकरण होना चाहिए। चुनाव से संबंधित किसी भी शंका का समाधान करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, लेकिन आयोग की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है। चुनाव आयोग एक राजनीतिक दल की तरह व्यवहार कर रहा है और सत्ताधारी दल का एजेंडा चला रहा है।

2024 के विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद भी लोगों ने संदेह व्यक्त किया है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद चुनाव आयोग ध्यान नहीं दे रहा, इसलिए हमने चुनाव आयोग के खिलाफ मुंबई उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए अदालत ने ईवीएम की जांच के आदेश दिए हैं। 16 और 17 अप्रैल को ईवीएम जांच का कार्यक्रम तय किया गया है, ऐसा नसीम खान ने बताया।

इस अवसर पर मुंबई यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समझौता करने वाले नेता हैं। उन्होंने देश के भविष्य के साथ समझौता किया है। वे अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दबाव में काम कर रहे हैं और उनके इशारों पर निर्णय ले रहे हैं, जो देश के लिए अत्यंत खतरनाक है।

उन्होंने कहा कि देश के हित में किसी के सामने झुकने की जरूरत नहीं है, यह जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और मनमोहन सिंह ने दिखाया है।मुंबई यूथ कांग्रेस के इस न्याय सत्याग्रह आंदोलन का उद्घाटन मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष सांसद वर्षा गायकवाड ने किया था।

इस आंदोलन में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ, वरिष्ठ नेता विधायक अमीन पटेल तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और तेलंगाना के सह-प्रभारी सचिन सावंत भी उपस्थित रहकर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन कर चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

मुंबई के 16 जिमखानों पर सरकार की सख्ती, लीज नवीनीकरण के लिए नई शर्तें प्रस्तावित।

मुंबई वार्ता संवाददाता मुंबई में सरकारी जमीन पर बने...

मुंबई में 15 वर्षों से रह रहे सात बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, अवैध घुसपैठ नेटवर्क की जांच तेज।

मुंबई वार्ता संवाददाता अवैध प्रवासियों के खिलाफ जारी अभियान...