मुंबई वार्ता संवाददाता

भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के दादर, मुंबई स्थित केंद्रीय कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्तिपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के दौरान विधिवत राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और राष्ट्रध्वज को सलामी देकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं निष्ठा व्यक्त की गई।


समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के परेल विभाग संघचालक मा. श्री रविंद्र संघवी प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर अभाविप के केंद्रीय कार्यालय मंत्री श्री अनूपसिंह ठाकुर तथा मुंबई महानगर मंत्री श्री अभिषेक पवार की विशेष उपस्थिति रही।


कार्यक्रम में विद्यार्थी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री रविंद्र संघवी ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में ‘वंदे मातरम्’ मंत्र की प्रेरणादायी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभावना, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता ही भारत के सशक्त एवं उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
उन्होंने युवा पीढ़ी से राष्ट्रनिर्माण के कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
श्री संघवी ने कहा, “राष्ट्रभावना, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकात्मता ही देश के सशक्त भविष्य की वास्तविक नींव है। भारत के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका अत्यंत निर्णायक है। प्रत्येक युवा को राष्ट्रनिर्माण के कार्य में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करना चाहिए।”
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अभाविप का केंद्रीय कार्यालय परिसर देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम में अभाविप के पदाधिकारी, विद्यार्थी कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


