मुंबई वार्ता संवाददाता

आईआईटी बॉम्बे परिसर स्थित हॉस्टल में एक छात्र द्वारा कथित रूप से आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सोहिल राजकुमार सांगवान (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह आईआईटी बॉम्बे में मैटेरियल साइंस के द्वितीय वर्ष का छात्र था और हॉस्टल नंबर-4 के कमरा नंबर G-4147 में रहता था।


पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 की रात सूचना मिली कि छात्र ने अपने हॉस्टल के कमरे में बेडशीट के सहारे छत के पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा व अन्य कानूनी कार्रवाई की।
इस मामले में पवई पुलिस स्टेशन में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 194 के तहत एडीआर (Accidental Death Report) क्रमांक 83/2026 दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि छात्र की मौत के सटीक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। फिलहाल किसी प्रकार के सुसाइड नोट या अन्य कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।


