श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

आर सी एफ पुलिस ने पेट्रोल की पाइप लाइन में छेड़छाड़ कर पेट्रोल चुराने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस बात की जानकारी जोन-6 के पुलिस उपायुक्त समीर शेख ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 नवंबर को गडकरी रोड पर स्थित पेप्सी कंपनी के गेट के सामने पेट्रोल की पाइप लाइन में 18 इंच का छेद किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी।


इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया था। मामले की जांच के दौरान, खबरियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चेंबूर कैम्प निवासी विनोद पंडित से पूछताछ कर हिरासत में लिया।


इसी मामले में पुलिस ने रियाज मुल्ला, सलीम शेख, गोपाल नारायण, मोहम्मद इरफान पठान, श्रीकांत लौंढे, विनायक मीराशि, अहमद खान पठान, निशान सिंह, मोइनुद्दीन शेख, मुस्तफा खान, नासिर चौहान और इम्तियाज लोहार को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


