■ मालेगांव चीनी मिल ने 3,900 और सोमेश्वर मिल ने 4,000 रुपये प्रति टन दिया भाव, बारामती एग्रो पर किसानों के साथ धोखाधड़ी का आरोप।
मुंबई वार्ता संवाददाता

किसानों के गन्ने का भाव केवल 3,200 रुपये प्रति टन घोषित करने को लेकर बारामती एग्रो और विधायक रोहित पवार के खिलाफ भाजपा ने तीखा हमला बोला है। भाजपा महाराष्ट्र के प्रवक्ता अजित चव्हाण ने बारामती एग्रो के इस फैसले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आरोप लगाया कि चीनी मिल किसानों की मेहनत का उचित मूल्य देने के बजाय उनका आर्थिक शोषण कर रही है।


अजित चव्हाण ने कहा कि बारामती, इंदापुर और भवानीनगर की चीनी मिलों ने किसानों को 3,500 रुपये प्रति टन का भाव दिया है। वहीं, मालेगांव चीनी मिल ने 3,900 रुपये और सोमेश्वर चीनी मिल ने 4,000 रुपये प्रति टन गन्ने का भाव घोषित किया है। इसके बावजूद राज्य में दूसरे नंबर पर गन्ने की पेराई करने वाली बारामती एग्रो ने किसानों के गन्ने का भाव केवल 3,200 रुपये प्रति टन घोषित किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बारामती एग्रो ने किसानों को पहले से उचित भाव घोषित किए बिना सीधे उनके खातों में पैसे जमा कर दिए हैं। गेट केन के अंतर को घटाने के बाद किसानों के हाथ में 3,000 रुपये भी प्रति टन नहीं आएंगे। इस तरह किसानों को प्रत्येक टन गन्ने पर करीब 1,000 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
चव्हाण ने रोहित पवार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पहले किसानों के गन्ने का भाव 4,000 रुपये प्रति टन घोषित करना चाहिए और उसके बाद किसानों के प्रति अपनी चिंता जाहिर करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि रोहित पवार के खाने और दिखाने के दांत अलग-अलग हैं। बारामती एग्रो के फैसले से उनकी किसान हितैषी छवि की असलियत सामने आ गई है।
भाजपा प्रवक्ता ने बारामती एग्रो और रोहित पवार पर किसानों को लूटने, उनकी मेहनत की कमाई हड़पने और उनके साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए तीव्र शब्दों में सार्वजनिक निषेध किया। उन्होंने मांग की कि किसानों को उनके गन्ने का उचित मूल्य दिया जाए और प्रति टन 4,000 रुपये का भाव घोषित किया जाए।यह आरोप भाजपा महाराष्ट्र के प्रवक्ता अजित चव्हाण ने लगाए हैं। हालांकि, बारामती एग्रो और रोहित पवार की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।


