मुंबई एयरपोर्ट पर 39.8 करोड़ रुपये के ड्रग्स और सोने की जब्ती, 9 गिरफ्तार; 12 किलो केटामाइन बरामद।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 39.8 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और सोना जब्त किया है। इन कार्रवाइयों में कुल नौ यात्रियों और कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए मादक पदार्थों में करीब 12 किलोग्राम केटामाइन और 6.5 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा शामिल है। इसके अलावा 24 कैरेट का 1,443 ग्राम सोना भी बरामद किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सबसे बड़ी कार्रवाई 27 नवंबर को कस्टम विभाग के जोन-3 की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने की। इस दौरान करीब 36 करोड़ रुपये मूल्य का 12 किलोग्राम केटामाइन जब्त किया गया। अधिकारियों ने थाई एयरवेज की उड़ान TG-318 से बैंकॉक जा रहे एक यात्री के पास से करीब 5 किलोग्राम केटामाइन बरामद किया।इसके बाद यात्री से पूछताछ की गई और उसके बताए सुरागों के आधार पर एक आवासीय परिसर की तलाशी ली गई। वहां से अतिरिक्त 7 किलोग्राम केटामाइन बरामद हुआ। इस कार्रवाई में कथित ड्रग्स तस्करी गिरोह से जुड़े दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। इस मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम, 1985 के तहत कार्रवाई की गई है।

कस्टम अधिकारियों ने 27 और 28 नवंबर को दो अन्य कार्रवाइयों में बैंकॉक से मुंबई पहुंचे दो यात्रियों के पास से करीब 6.5 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 2.27 करोड़ रुपये आंकी गई है। दोनों यात्रियों को NDPS अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।वहीं, एक अन्य कार्रवाई में अधिकारियों ने मुंबई पहुंचने वाले पांच यात्रियों से छिपाकर रखा गया 1,443 ग्राम 24 कैरेट सोना जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.57 करोड़ रुपये बताई गई है। सोने की तस्करी के मामले में चार यात्रियों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत गिरफ्तार किया गया है।

कस्टम विभाग की इन सभी कार्रवाइयों में कुल नौ लोगों की गिरफ्तारी हुई है। जब्त किए गए ड्रग्स और सोने की कुल कीमत करीब 39.8 करोड़ रुपये बताई गई है। अधिकारियों के अनुसार, सभी मामलों में आगे की जांच जारी है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related