■ धारावी में दूसरी बीकेसी बनाने के लिए मूल निवासियों को बेदखल करने का आरोप; घर के बदले घर और दुकान के बदले दुकान देने की मांग को लेकर कांग्रेस, शिवसेना, मनसे समेत सर्वदलीय नेताओं का धारावी एक्सपीरियंस सेंटर पर प्रदर्शन।
मुंबई वार्ता संवाददाता

धारावी पुनर्विकास परियोजना के नाम पर महायुति सरकार ने मुंबई की हजारों एकड़ जमीन अडानी समूह को सौंप दी है। धारावी के विकास के नाम पर फायदा अडानी समूह को पहुंचाया जा रहा है। सरकार की मंशा धारावी के मूल निवासियों को उनके घरों और कारोबार से बेदखल कर यहां दूसरी बीकेसी (बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स) विकसित करने की है। लेकिन इस साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। धारावी के लोगों का पुनर्वास धारावी में ही होना चाहिए। उनके अधिकारों की लड़ाई अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ी जाएगी। यह बात मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कही।


धारावीकरों के न्याय और अधिकारों की मांग को लेकर 28 नवंबर को धारावी एक्सपीरियंस सेंटर पर सर्वदलीय मोर्चा निकाला गया। इसमें मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष सांसद वर्षा गायकवाड़, कांग्रेस विधायक डॉ. ज्योति गायकवाड़, शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे, पूर्व मंत्री सुभाष देसाई और अनिल परब, सांसद अनिल देसाई, विधायक महेश सावंत, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता बाला नांदगांवकर, मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर, श्रद्धा जाधव, विशाखा राउत, आम आदमी पार्टी की प्रीति शर्मा, पूर्व विधायक बाबूराव माने और प्रकाश रेड्डी सहित विभिन्न दलों के नेता और हजारों नागरिक शामिल हुए।


इस अवसर पर वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि धारावी को मिनी इंडिया के नाम से जाना जाता है। यहां हर तरह के छोटे-बड़े उद्योग और कारोबार चलते हैं, लेकिन आज इन उद्योगों पर संकट मंडरा रहा है। कारोबारियों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। धारावी में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। लोगों को पर्याप्त पानी, अच्छी सड़कें और शौचालय जैसी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। इसके बावजूद धारावी के विकास के नाम पर यहां के लोगों के हितों की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि धारावी पुनर्विकास परियोजना के लिए गठित अडानी नवभारत डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड (ANDPL) में अडानी समूह की 80 प्रतिशत और महाराष्ट्र सरकार की महज 20 प्रतिशत हिस्सेदारी है। प्रधानमंत्री के करीबी उद्योगपति मित्र को फायदा पहुंचाने के लिए गरीबों के साथ अन्याय और अत्याचार किया जा रहा है। सरकार ने अपने पूरे प्रशासनिक तंत्र को अडानी समूह की मदद के लिए लगा दिया है। धारावीकरों के समर्थन में मोर्चा निकालने पर लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए जाते हैं। पहले बिचौलियों के जरिए लोगों को प्रभावित करने की कोशिश की गई और अब उन्हें दबाव तथा धमकियों के जरिए डराया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सांसद गायकवाड़ ने कहा कि धारावी पुनर्विकास परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। यहां तक कि मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और जनप्रतिनिधियों को भी परियोजना से जुड़ी पूरी जानकारी नहीं है। धारावी के लोगों की मांग है कि उन्हें घर के बदले घर और दुकान के बदले दुकान दी जाए। किसी भी धारावीकर को उसके मौजूदा इलाके से बाहर नहीं भेजा जाना चाहिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि मुलुंड, देवनार, मुकुंदनगर और कुर्ला जैसे दूसरे इलाकों में धारावीकरों के पुनर्वास का स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। धारावी का विकास यहां के निवासियों की इच्छा और सहमति के अनुसार होना चाहिए, न कि अडानी समूह की मर्जी से। धारावी के भविष्य का फैसला धारावीकर ही करेंगे।
मोर्चे में शामिल विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी भाजपा और महायुति सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। सभी नेताओं ने धारावी के निवासियों के घर, रोजगार और पुनर्वास के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।


