■ तीन राज्यों में रवाना की गईं क्राइम ब्रांच की छह विशेष टीमें, स्थानीय गैंग पर फायरिंग कराने का संदेह; लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ होने से पुलिस का इनकार।
मुंबई वार्ता संवाददाता

माहीम के एल. जे. रोड स्थित पी.सी. जैन ज्वेलर्स पर हुई फायरिंग के मामले में शूटर पुलिस से एक कदम आगे नजर आ रहे हैं। हेल्मेट पहनकर वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए पूरी योजना के तहत कदम उठाए। फायरिंग करने के बाद वे मोटरसाइकिल से एक निर्जन स्थान पर पहुंचे, जहां बाइक छोड़कर उन्होंने अपने कपड़े बदले और फिर फरार हो गए। आरोपियों की इस रणनीति के कारण सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करना और उनका पीछा करना पुलिस के लिए मुश्किल हो गया है। हालांकि, पुलिस अब अपने मुखबिरों के नेटवर्क के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।


इस बीच, मुंबई क्राइम ब्रांच ने मामले की समानांतर जांच शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच की विभिन्न इकाइयों की छह विशेष टीमों को तीन राज्यों में आरोपियों की तलाश के लिए रवाना किया गया है। शुरुआती जांच में पुलिस को संदेह है कि इस फायरिंग के पीछे किसी स्थानीय गैंग का हाथ हो सकता है। वहीं, पुलिस जांच में फिलहाल इस वारदात में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संलिप्तता सामने नहीं आई है।
पुलिस के अनुसार, पी.सी. जैन ज्वेलर्स के मालिक भरत जैन (45) ने शिकायत में बताया है कि उन्हें 18, 24 और 31 अक्टूबर को मोबाइल फोन पर धमकी भरे संदेश मिले थे। इन संदेशों के जरिए उनसे 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगे जाने का आरोप है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण मामला पहले से ही गंभीर बना हुआ था।इसी बीच बुधवार शाम मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात हमलावरों ने ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाया और ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस धमकी भरे संदेशों, फायरिंग में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के संभावित संपर्कों की जांच कर रही है। तीन राज्यों में भेजी गई क्राइम ब्रांच की छह टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस को उम्मीद है कि मुखबिरों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर इस वारदात की साजिश और इसमें शामिल लोगों का पता लगाया जा सकेगा।


