मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) की घाटकोपर यूनिट ने गोवंडी के शिवाजीनगर इलाके में नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 76 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 22 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स सेल की घाटकोपर यूनिट की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गोवंडी के शिवाजीनगर इलाके में अल्फा इंग्लिश स्कूल के पास, गजानन कॉलोनी में कोंकण बैंक के समीप वाली गली में एमडी ड्रग्स की बिक्री होने की सूचना मिली।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ड्रग्स बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 76 ग्राम वजन का एमडी (मेफेड्रोन) नामक प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह नशीला पदार्थ शिवाजीनगर में एमडी ड्रग्स बेचने वाले अपने एक साथी से प्राप्त किया था। इसके बाद पुलिस ने ड्रग्स की आपूर्ति करने वाले दूसरे आरोपी की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों में पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी शातिर ड्रग्स तस्कर हैं और पिछले कई वर्षों से शिवाजीनगर तथा गोवंडी इलाके में एमडी ड्रग्स की बिक्री में संलिप्त थे।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 22(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में एंटी नारकोटिक्स सेल में अपराध क्रमांक 107/2026 तथा शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 1082/2026 दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
* एक आरोपी, उम्र 31 वर्ष।
* दूसरा आरोपी, उम्र 47 वर्ष।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 76 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 22,80,000 रुपये है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ड्रग्स की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त पूर्णिमा चौगुले-शृंगी तथा सहायक पुलिस आयुक्त सुधीर हिरेडकर के मार्गदर्शन में की गई।
घाटकोपर यूनिट के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्रीकांत आदाटे के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक अभिजीत अहिरराव, सहायक पुलिस निरीक्षक गणेश वाघ, पुलिस उपनिरीक्षक संदीप रहाणे, पंकज पाटील तथा पुलिसकर्मियों संदीप रावते, दीप यशवंत, किसन गोमासे, संदीप शिंदे, राहुल पंडित, लहू गर्जे, खुशबू मुलाणी, वैशाली विशे और संदीप वाडिले ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।


