■ हर महीने 1100 कुत्तों की नसबंदी और रेबीज़ निवारक टीकाकरण.
मुंबई वार्ता/विपिन शुक्ला

कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (KDMC) क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए नगर निगम ने बैल बाजार, कल्याण (पश्चिम) में एक अलग डॉग न्यूट्रिंग सर्जरी एवं टीकाकरण केंद्र शुरू किया है। यह केंद्र भारतीय पशु कल्याण बोर्ड के पशु जन्म नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।


इस केंद्र के माध्यम से प्रतिमाह लगभग 1000 से 1100 आवारा कुत्तों की नसबंदी सर्जरी और रेबीज़ निवारक टीकाकरण किया जाता है। इसके साथ ही, पागल कुत्तों को पकड़कर एक अलग आइसोलेशन रूम में रखा जाता है।नगर निगम की डॉग कैचिंग टीम विभिन्न क्षेत्रों से कुत्तों को पकड़कर केंद्र पर लाती है। यहाँ उन्हें भोजन-पानी उपलब्ध कराया जाता है। अगले दिन उनकी नसबंदी व टीकाकरण कर कान पर (V) आकार का निशान लगाया जाता है।
उपचार और दवाइयाँ तीन दिन तक दी जाती हैं तथा चौथे या पाँचवें दिन कुत्तों को उनके मूल स्थान पर छोड़ दिया जाता है।साथ ही, कुत्तों द्वारा काटे गए मरीजों को नगर निगम अस्पतालों और क्लीनिकों में एंटी रेबीज़ वैक्सीन निःशुल्क दी जाती है।


ग्रेड 3 और 4 के मामलों में इम्यूनोग्लोबुलिन इंजेक्शन भी मुफ्त उपलब्ध कराया जाता है। अस्पतालों में 24 घंटे पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन का स्टॉक सुनिश्चित रखा गया है।मनपा की वैद्यकीय अधिकारी डॉ. दीपा शुक्ला ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र का विशाल विस्तार देखते हुए वर्तमान केंद्र अपर्याप्त साबित हो रहा है। इसी कारण निकट भविष्य में एक और आधुनिक व सुसज्जित डॉग न्यूट्रिंग सर्जरी एवं टीकाकरण केंद्र शुरू करने की योजना है।
नगर निगम स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इन उपायों से न केवल आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित होगी, बल्कि नागरिकों को भी कुत्तों से होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।


