मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के पवई पुलिस थाने में दर्ज अपहरण जैसे गंभीर अपराध के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों पर एक इंस्टाग्राम रील क्रिएटर का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने और धमकी देने का आरोप है।


पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता चेतन चंद्रकांत देवळकर (28) विक्रोली के रहने वाले हैं और इंस्टाग्राम पर रील बनाते हैं। वे सोशल मीडिया पर विभिन्न विषयों पर कंटेंट तैयार करते हैं। पिछले कुछ महीनों से वे लोगों को ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स से सावधान करने के लिए जागरूकता संबंधी “काउंटर रील” बना रहे थे।
इसी दौरान एक अन्य इंस्टाग्राम अकाउंट संचालक प्रतीक शिंदे बेटिंग ऐप का प्रचार कर रहा था। शिकायतकर्ता ने उसके प्रचार वाले वीडियो और स्टोरी की आलोचना करते हुए “रोस्ट” वीडियो बनाए थे। पुलिस के अनुसार, इन वीडियो से नाराज होकर प्रतीक शिंदे ने शिकायतकर्ता से रंजिश पाल ली।
26 जुलाई 2026 को शाम करीब 7:30 बजे, शिकायतकर्ता पंचकुटीर, पवई इलाके में मौजूद थे। तभी आरोपी यश बाबरे उनसे मिला और बातचीत के बहाने उन्हें पास खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी तक ले गया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने जबरन उन्हें गाड़ी में बैठा लिया।
शिकायत के मुताबिक, गाड़ी में मौजूद आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की, गालियां दीं और धमकाया। बाद में दो अन्य लोग भी गाड़ी में सवार हुए और उन्होंने भी मुक्कों, लातों और डंडे से हमला किया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने कहा कि वे बेटिंग ऐप के खिलाफ वीडियो क्यों बनाते हैं और यदि ऐप का प्रचार करना है तो करें, लेकिन उनके खिलाफ वीडियो न बनाएं।
करीब चार घंटे तक शिकायतकर्ता को गाड़ी में घुमाने के बाद रात लगभग 11:30 बजे कलंबोली इलाके में छोड़ दिया गया। इसके बाद पीड़ित ने 2 अगस्त 2026 को पवई पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रतीक शिंदे, अनिकेत गोंडे, समीर कुचेकर उर्फ एम.के. तथा अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पुणे जिले के विभिन्न स्थानों से हिरासत में लिया गया।
■ गिरफ्तार आरोपी
● यश रघुनाथ बाबरे – सूर्यनगर, विक्रोली, मुंबई
● प्रतीक राम शिंदे – भालवाड़ी, इंदापुर, पुणे
● अनिकेत राम गोंडे – फलटण, सातारा
● समीर सुनील कुचेकर उर्फ एम.के. – चिखली, पुणे
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत हासिल की है। मामले की आगे की जांच जारी है।
सह पुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा (लॉ एंड ऑर्डर), अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम प्रादेशिक विभाग) अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावडे के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई पवई पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक आत्माजी सावंत की टीम ने की है।


