■ हिंदू जनजागृति समिति ने की प्रतिबंध लगाने की मांग.
वरिष्ठ संवाददाता/मुंबई वार्ता

रायगढ़ जिले में कर्जत के पास नेरल में प्रस्तावित ‘सुकून एंपायर-हलाल लाइफ स्टाइल टाउनशिप’ का विरोध करते हुए मंगलवार को प्रदर्शन किया गया। हिंदू जनजागृति समिति मुंबई ने धर्म-आधारित गृह परियोजना का विरोध करते हुए कहा कि केवल मुसलमानों के लिए इस तरह का विज्ञापन करने वाला यह प्रकल्प संविधान, कानून और सामाजिक सौहार्द के विरोध में है इसलिए इस प्रकल्प पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए।


हिंदू जनजागृति समिति के संगठन मंत्री सुनील घनवट ने बताया कि हमने इसका विरोध करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री, राज्य के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा नगर विकास मंत्री के पास निवेदन भेजा है। समिति के साथ समान विचारधारा वाले संगठनों ने कर्जत पोस्ट ऑफिस के पास आंदोलन किया। इसमें विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, शिवप्रतिष्ठान हिंदुस्थान, गो रक्षक दल-खालापूर, सनातन संस्था आदि संगठनों के प्रतिनिधि और धर्मप्रेमी नागरिक उपस्थित थे |


घनवट ने कहा कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र सरकार को नोटिस भेजा है। साथ ही राज्य सरकार को दो सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। समिति ने राज्य सरकार से उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस प्रकरण में विकासक की ‘महा-रेरा’ अनुमति रद्द की जाए।


