कालीना स्थित मुंबई यूनिवर्सिटी में फैला हुआ है बुक प्रदर्शनी का “रायता”।

Date:

■ मुंबई यूनिवर्सिटी की पुस्तक प्रदर्शनी में किताबों से ज्यादा राजनीतिक गतिविधियों और रील बनाने वालों की भीड़, विद्यार्थियों को जबरन भेजने का आरोप।

श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

सांताक्रूज (पूर्व) के कालीना स्थित मुंबई यूनिवर्सिटी में इन दिनों आयोजित पुस्तक प्रदर्शनी अव्यवस्थाओं और कथित राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा का विषय बनी हुई है। 24 से 29 नवंबर तक शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को मोबाइल की दुनिया से निकालकर किताबों और पढ़ने की संस्कृति की ओर आकर्षित करना था, लेकिन मौके पर दिखाई दे रही भीड़ और गतिविधियों को देखकर इस उद्देश्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसीलिए यह प्रदर्शनी बुक प्रदर्शनी के नाम पर “रायता” फैलाती ही प्रतीत हो रही है।

पुस्तक प्रदर्शनी में किताबों के प्रति रुचि रखने वाले पाठकों और लेखकों के अलावा राजनीतिक कार्यकर्ताओं, सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करने वालों तथा विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी दिखाई दे रही है। पुस्तक प्रदर्शनी को किताबों और साहित्य के प्रचार-प्रसार के बजाय राजनीतिक गतिविधियों और सोशल मीडिया प्रचार का मंच बना दिया गया है।

■ पुस्तक प्रदर्शनी में राजनीतिक गतिविधियों का आरोप

आमतौर पर पुस्तक मेलों और प्रदर्शनियों में पाठकों, लेखकों, प्रकाशकों और साहित्य प्रेमियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलती है। लेकिन कालीना की इस प्रदर्शनी में भाजपा से जुड़े लोगों और सोशल मीडिया पर पोस्ट तथा रील बनाने में व्यस्त लोगों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसके चलते प्रदर्शनी के मूल उद्देश्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

■ कॉलेजों को विद्यार्थियों को भेजने का कथित फरमान

मुंबई वार्ता के संवाददाता ने प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचकर विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों से बातचीत की। कुछ विद्यार्थियों ने अनुरोध किया कि यदि वास्तविक स्थिति जाननी है तो उनका वीडियो न बनाया जाए। मौखिक बातचीत में कई कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि उन्हें अपने कॉलेज प्रशासन की ओर से पुस्तक प्रदर्शनी में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है और इस संबंध में सख्ती भी की गई है।विद्यार्थियों के इन आरोपों के बाद प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की मौजूदगी की वजह पर सवाल उठने लगे हैं।

मौके पर मौजूद कई विद्यार्थियों की गतिविधियों से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उनका मुख्य उद्देश्य किताबों को देखना या साहित्य में रुचि लेना नहीं, बल्कि इंस्टाग्राम और फेसबुक के लिए रील तथा वीडियो बनाना और अपनी उपस्थिति दर्ज कराना था।प्रदर्शनी स्थल पर मौजूद भीड़ में बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी दिखाई दिए, जिनकी किताबों में विशेष रुचि नजर नहीं आ रही थी। ऐसे में सवाल उठता है कि जिस प्रदर्शनी का आयोजन युवाओं और आम नागरिकों में पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से किया गया था, वहां विद्यार्थियों की वास्तविक साहित्यिक भागीदारी कितनी है?

किताबों के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस आयोजन में यदि विद्यार्थियों की उपस्थिति स्वैच्छिक होने के बजाय कॉलेजों के दबाव में सुनिश्चित की जा रही है, तो यह निश्चित रूप से प्रदर्शनी के मूल उद्देश्य पर सवाल खड़ा करता है।

किताब प्रेमियों के लिए हिदायत है कि हज़ारों की संख्या में उपस्थित भीड़ से बचते बचाते उक्त प्रदर्शनी की किताबों तक पहुंचना मुश्किल है। अगर धक्का-मुक्की करते हुए किताबों तक पहुंचने का मजा लेना है तो अवश्य ही बुक प्रदर्शनी में जाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related