श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार दोपहर कुर्ला (पश्चिम) के कामानी इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया। नौपाड़ा स्थित हिंदी बीएमसी स्कूल के पास गोम्स गाउन बिल्डिंग के निकट एक विशाल पेड़ अचानक एक दुकान पर गिर पड़ा। हादसे में 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।


यह घटना दोपहर करीब 12:40 बजे की है, जिसकी सूचना स्थानीय नगरसेवक के पीए रोशन शिंदे ने संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB), पुलिस, बेस्ट (BEST) और बीएमसी वार्ड का स्टाफ मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में घायल हुए 63 वर्षीय यूनुस कुंदावाला को तत्काल फौजिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल संबंधित एजेंसियां पेड़ हटाने और इलाके को सुरक्षित बनाने का काम कर रही हैं।
लगातार बारिश के कारण शहर में पेड़ गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिसे देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।


