मुंबई वार्ता/सतीश सोनी


शनिवार सुबह मध्य रेलवे के लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुँची कुशीनगर एक्सप्रेस में सफाई कर्मचारियों को एक 5 वर्षीय नाबालिग लड़के का शव मिला। कुर्ला रेलवे पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर प्रतिदिन विभिन्न राज्यों से ३० से ३५ ट्रेनें चलती हैं। गोरखपुर से रवाना हुई कुशीनगर एक्सप्रेस शनिवार सुबह लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुँची। यात्रियों के जाने के बाद सफाई कर्मचारियों ने ट्रेन की सफाई शुरू कर दी। कुशीनगर एक्सप्रेस की सफाई करते समय सफाई कर्मचारियों को वातानुकूलित कोच ‘बी2’ के शौचालय में एक नाबालिग लड़के का शव मिला। कर्मचारियों ने तुरंत आरपीएफ और रेलवे पुलिस को सूचित किया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। उन्होंने लड़के के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेज दिया।


इस मामले में कुर्ला रेलवे पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू कर दी। जांच में पता चला कि लड़का कुछ दिनों से सूरत से लापता था। उसकी माँ ने सूरत के अमरोली ग्रामीण पुलिस स्टेशन में लड़के के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। जाँच में यह भी पता चला कि उसके एक रिश्तेदार ने लड़के का अपहरण किया था। पुलिस लड़के का अपहरण करने वाले आरोपी की तलाश कर रही है।


