मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार तड़के तेज रफ्तार BMW कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना कोस्टल रोड पर लाला कॉलेज के सामने, लोटस जेट्टी के पास हुई।


कोस्टल रोड कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को सुबह करीब 5:20 बजे यह हादसा हुआ। काली रंग की BMW कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की दिशा में जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद चार घायलों को तत्काल मुंबई के नायर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. नाहिदा से सुबह 8:40 बजे मिली जानकारी के अनुसार, घायलों में 20 वर्षीय एक अज्ञात युवक को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
वहीं, 21 वर्षीय शनाय गज्जर को अस्पताल लाए जाने पर मृत घोषित कर दिया गया। इसके अलावा 17 वर्षीय धैर्य सेठ और आदित्य जकासनिया(19) को भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस दुर्घटना में कुल तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक घायल युवक आदित्य ओसवाल (23) का नायर अस्पताल में उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।


