मुंबई वार्ता संवाददाता

खार पश्चिम के रोड नंबर 7 स्थित AOS Genesis की निर्माणाधीन साइट पर निर्माण सामग्री के नीचे छिपा मिले 35 वर्षीय मजदूर के शव के मामले का खार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में मृतक का 17 वर्षीय भतीजा ही हत्या का आरोपी निकला। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण अनैतिक संबंधों को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।


खार पुलिस के अनुसार, रोड नंबर 7 पर SBI बैंक के सामने AOS Genesis की निर्माणाधीन साइट पर 18 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12.30 बजे पश्चिम नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सीमेंट की बोरियों के नीचे बेहोशी की हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही खार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच में वह व्यक्ति मृत पाया गया।मृतक की पहचान रविशंकर नंदकिशोर गिरी (35) के रूप में हुई। वह मूल रूप से समस्तीपुर, बिहार का रहने वाला था और निर्माण मजदूर के रूप में काम करता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी हत्या करने के बाद शव को निर्माण सामग्री के नीचे छिपा दिया था। इसके बाद खार पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 1372/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
■ पुलिस को भतीजे पर कैसे हुआ शक
हत्या की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से मिले तकनीकी साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य सबूतों तथा निर्माण स्थल पर काम करने वाले मजदूरों से मिली जानकारी का गहन विश्लेषण किया।जांच के दौरान मृतक का 17 वर्ष 8 महीने का भतीजा, जो बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला है, शुरू में खुद शिकायतकर्ता की भूमिका में सामने आया। पुलिस के मुताबिक, वह घटना को लेकर सहानुभूति हासिल करने और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था।हालांकि, जांच टीम ने उसके बोलने के तरीके, हाव-भाव, घटनाक्रम के बारे में दिए गए बयानों, उसकी गतिविधियों और बयानों में सामने आई विसंगतियों का बारीकी से अध्ययन किया। इसके बाद उससे वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से पूछताछ की गई।घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों, अन्य मजदूरों से पूछताछ और उसके बयानों में मिली विसंगतियों को जोड़ने के बाद पुलिस का संदेह गहरा गया। आगे की जांच में मृतक के भतीजे विशालकुमार रामलखन गिरी के ही हत्या में शामिल होने की पुष्टि हुई।
■ अनैतिक संबंधों के विवाद में हत्या
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे अनैतिक संबंधों को लेकर विवाद सामने आया है। आरोपी नाबालिग को पुलिस ने हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले परिस्थितिजन्य सबूतों और गहन पूछताछ के आधार पर हत्या का यह मामला कम समय में सुलझाया गया।
■ इन अधिकारियों और कर्मचारियों ने की जांच
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त डॉ मोहित गर्ग के निर्देशानुसार मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष काटे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक राहुल देशमुख (दिवस पाली पर्यवेक्षक/जांच अधिकारी) और पुलिस निरीक्षक प्रकाश मोरे (अपराध) ने की।
जांच टीम में सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप पाटील, योगेश जाधव और हणमंत कुंभारे, पुलिस उपनिरीक्षक दिनेश पाटील, शैलेश चौधरी और भाग्यश्री शहाणे सहित पुलिसकर्मी राजकुमार कांबळे, कुंदन कदम, अजित महाडिक, विनोद मदतवाडकर, महेश लहामगे, नामदेव सावंत, विशाल भामरे, संतोष कांबळे, अभिजीत कदम, सुमीत अहिवळे, सचिन चव्हाण और माणिक ठोंबरे शामिल रहे।


