मुंबई वार्ता संवाददाता



गोरेगांव (पूर्व) स्थित नेस्को (Nesco) परिसर में खुले पार्किंग क्षेत्र पर अवैध रूप से मैरिज/बैंक्वेट हॉल बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में समाजसेवक प्रकाश पाटेकर ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, CTS नंबर 223, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के पास स्थित नेस्को परिसर में ओपन पार्किंग के लिए निर्धारित जमीन पर करीब 25,000 वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में दो बड़े मैरिज हॉल का निर्माण किया जा रहा है। आरोप है कि यह निर्माण बिना आवश्यक अनुमति के किया गया है।पत्र में यह भी कहा गया है कि इन हॉल में लोहे के एंगल, टीन शेड और अन्य सामग्री का उपयोग कर बड़े पैमाने पर ढांचा खड़ा किया गया है, जिसमें एयर कंडीशनिंग और भारी इलेक्ट्रिक वायरिंग भी की गई है। ऐसे में आग लगने जैसी दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।


शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि इस निर्माण के लिए न तो बीएमसी के भवन एवं कारखाना विभाग से अनुमति ली गई है और न ही फायर विभाग से एनओसी प्राप्त की गई है। साथ ही, यहां अवैध रूप से किचन बनाकर आयोजनों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा है, जिसमें गैस सिलेंडर और अन्य ज्वलनशील सामग्री का उपयोग हो रहा है।पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित विभागों को जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


शिकायतकर्ता ने महाराष्ट्र प्रादेशिक नगर रचना अधिनियम, 1966 के तहत नोटिस जारी कर अवैध निर्माण को तोड़ने और जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई करने की मांग की है।बीएमसी से इस मामले में सख्त कदम उठाने की अपेक्षा जताई गई है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके और नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।


