मुंबई वार्ता संवाददाता

चीन मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार की कथित अस्पष्ट भूमिका और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने से रोके जाने के विरोध में मुंबई युवक कांग्रेस ने जोरदार आंदोलन किया। यह प्रदर्शन मुंबई युवक कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत शबरीन के नेतृत्व में मुंबई कांग्रेस कार्यालय, राजीव गांधी भवन परिसर में किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “नरेंद्र सरेंडर हो गया” जैसे नारे लगाकर केंद्र सरकार के खिलाफ तीखा विरोध जताया।


युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देश की सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवालों पर मोदी सरकार चुप्पी साधे हुए है और सच्चाई को दबाया जा रहा है। गलवान घाटी प्रकरण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्या छिपा रहे हैं, यह सवाल उठाते हुए उन्होंने चीन मुद्दे पर देश को स्पष्ट जवाब देने की मांग की। साथ ही पूर्व थलसेनाध्यक्ष जनरल मनोज नरवणे की पुस्तक को तत्काल प्रकाशित किए जाने की भी मांग की गई।


मुंबई युवक कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत शबरीन ने कहा कि वर्ष 2020 में चीन के साथ हुए संघर्ष को लेकर जनरल नरवणे द्वारा किए गए गंभीर खुलासों पर संसद में चर्चा से राहुल गांधी को रोका गया, जिससे देशभर में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि सेना की स्पष्ट चेतावनियों के बावजूद मोदी सरकार ने समय पर निर्णय नहीं लिया, जिसके कारण देश के वीर जवानों को शहादत देनी पड़ी।
जीनत शबरीन ने कहा कि शहीद जवानों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा और केंद्र सरकार के खिलाफ युवक कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।


