श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के चेंबूर इलाके में पुलिस ने 22 अप्रैल को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हाथी दांत (आइवरी) की अवैध तस्करी करने की कोशिश कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश अशोक आव्हाड (28), संदीप रणधीर बिडलानी (33), शशांक चंद्रशेखर रंजनकर (38) और दिनेश राममनोहर अग्निवंशी (40) के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई पीएसआई गिरीश मालवे के नेतृत्व में, डीसीपी समीर शेख (जोन 6) और सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर राजेश केवाले की देखरेख में की गई।


■ मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
क्राइम डिटेक्शन टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग चेंबूर में हाथी के दांत बेचने की फिराक में हैं। एक मुखबिर ने खरीदार बनकर आरोपी संदीप बिडलानी से संपर्क किया, जिसने दांत होने की पुष्टि करते हुए आरसी मार्ग स्थित ‘ताज लॉजिंग एंड बोर्डिंग’ में सौदा तय किया।
■ होटल के कमरे में दबिश
पुलिस ने पहले से योजना बनाकर जाल बिछाया। शाम करीब 6:05 बजे टीम होटल पहुंची। मुखबिर खरीदार बनकर कमरे में गए, जबकि पुलिस बाहर इंतजार करती रही। जैसे ही आरोपी कमरे में पहुंचे और सौदे की प्रक्रिया शुरू हुई, शाम 7:27 बजे संकेत मिलते ही पुलिस ने छापा मार दिया।
■ भारी मात्रा में आइवरी बरामद
कमरे से प्लास्टिक में लिपटे दो हाथी दांत बरामद किए गए, जिनका वजन लगभग 11 किलोग्राम और 20.6 किलोग्राम है। वन विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की कि ये असली हाथी दांत हैं, जो संभवतः शिकार किए गए हाथियों से प्राप्त किए गए थे।
■ अन्य बरामद सामान
काला ट्रैवल बैग
प्लास्टिक कवर, कपड़ा, रस्सी और कंबल
चार मोबाइल फोन (जांच के लिए जब्त)
■ बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका
पुलिस को शक है कि यह मामला किसी बड़े वन्यजीव तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। आरोपी कहां से हाथी दांत लाए, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, और क्या इसके अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन हैं—इन सभी पहलुओं की जांच जारी है।
चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है।


