मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अब बैगेज जांच अनिवार्य कर दी गई है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।


रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हाल के दिनों में सीएसएमटी पर यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है, जिससे सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत महसूस की गई। इसी को ध्यान में रखते हुए अब टर्मिनस में प्रवेश से पहले सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेन यात्रियों के सामान की जांच की जाएगी।नए नियम के तहत, कोई भी यात्री तब तक स्टेशन परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेगा, जब तक उसके बैग की सुरक्षा कर्मियों द्वारा बैगेज स्कैनर से जांच नहीं हो जाती। इसके लिए टर्मिनस के प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षा स्टाफ और स्कैनिंग मशीनें तैनात की गई हैं।


रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन समय से पहले पहुंचें, ताकि बैगेज जांच के कारण उन्हें किसी तरह की असुविधा या ट्रेन छूटने की समस्या न हो। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोकने के लिए उठाया गया है।
इस नई व्यवस्था से सीएसएमटी पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है, साथ ही यात्रियों को भी सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिलेगा।


