मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

मुंबई के जुहू बीच पर डूबने से एक युवक की मौत हो गई है।
यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना जुहू कोलीवाड़ा स्थित जेटी पर हुई। बार-बार चेतावनी के बावजूद १९ वर्षीय युवक सेल्फी लेते समय समुद्र में डूब गया। मृतक युवक की पहचान अनिल अर्जुन राजपूत के रूप में हुई है। अनिल तेज लहरों और उथली ज्वार में बह गया। शनिवार शाम पांच बजे से समुद्र में तेज ज्वार था।


शनिवार शाम युवक अपने दोस्तों के साथ जुहू बीच पर घूमने गया था। जब वह अपने दोस्त के साथ फोटो खींच रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में गिर गया। तैरना न आने के कारण वह डूबने लगा और वह तथा उसके दोस्त चिल्लाने लगे। जब वहां मौजूद लाइफगार्ड को इसकी जानकारी हुई तो वे युवक की जान बचाने के लिए समुद्र में कूद पड़े और तैरकर उसकी ओर बढ़े तथा उसे बाहर निकाला, लेकिन पानी उसके नाक और मुंह में जाने से उसकी मौत हो गई।


