मुंबई वार्ता संवाददाता/सतीश सोनी

जल्दी अमीर बनने की चाहत कभी-कभी खतरनाक हो सकती है और हम ऐसे धोखेबाजों के जाल में फंस जाते हैं और अपना सब कुछ खो देते हैं। ऐसा ही एक व्यक्ति के साथ हुआ। पुणे के ४६ वर्षीय एक व्यवसायी ने एक फर्जी ऑनलाइन सट्टे की वेबसाइट के जाल में फंसकर ११.५० करोड़ रुपये गंवा दिए हैं। इस मामले को लेकर १९३० साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई है। और बताया गया है कि यह अब तक का सबसे बड़ा ऑनलाइन सट्टा फ्रॉड है।
पुलिस के मुताबिक उसने १७ करोड़ रुपये निवेश किए थे और फिर उसके साथ ११.५० करोड़ रुपये की ठगी हो गई। यह साइबर ठगी तीन महीने से चल रही थी। और पैसे १०० से ज्यादा अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किए जा रहे थे। जब व्यक्ति को पता चला कि उसके साथ ठगी हुई है तो उसने तुरंत भारत सरकार की साइबर हेल्पलाइन १९३० पर शिकायत दर्ज कराई। गृह मंत्रालय के साइबर जागरूकता अभियान ‘साइबर दोस्त’ के एक्स हैंडल पर भी इसकी पुष्टि हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि १९३० हेल्पलाइन पर दर्ज यह अब तक का सबसे बड़ा साइबर ठगी का मामला है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जालसाज इतने लंबे समय तक पैसे कैसे निकालते रहे, लेकिन कोई ट्रैकिंग नहीं हो पाई। फिलहाल पुलिस घटना की गहनता से जांच कर रही है।


