मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर की गई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने हरियाणा से 22 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवती की पहचान सुनेहा पंडित के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उस पर फायरिंग की वारदात में शामिल गिरोह को रसद और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आरोप है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। इनमें तीन महिलाएं शामिल हैं।


पुलिस अधिकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीम ने रविवार को हरियाणा पुलिस की मदद से करनाल जिले से सुनेहा पंडित को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान सामने आया कि युवती ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह को लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराई थी। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग की साजिश में उसकी क्या भूमिका थी और गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ उसके संपर्क किस तरह थे।


यह मामला 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग की घटना से जुड़ा है। उस दिन अभिनेता टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल मैदान से अपनी कार में सवार होकर निकल रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर आए अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाकर गोलियां चलाई थीं। इस हमले में 36 वर्षीय अभिनेता बाल-बाल बच गए थे, हालांकि उनके चालक और वहां मौजूद एक व्लॉगर को चोटें आई थीं।इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए अन्य 12 आरोपी हरियाणा के सोनीपत, राजस्थान के कोटा और दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से पकड़े गए हैं।
मुंबई क्राइम ब्रांच इस पूरे नेटवर्क की भूमिका और फायरिंग के पीछे की साजिश की जांच कर रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के प्रावधान भी लागू किए हैं। जांच एजेंसियां आरोपियों के आपसी संपर्क, वारदात में उनकी भूमिका और गिरोह को उपलब्ध कराई गई सहायता के संबंध में जानकारी जुटा रही हैं।


