■ गणेशोत्सव व ईद-ए-मिलाद से पहले सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करने का दिया स्पष्ट निर्देश.
मुंबई वार्ता संवाददाता।भिवंडी

भिवंडी पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ठाणे रोड पर जारी काँक्रिटीकरण कार्य में ठेकेदार द्वारा की जा रही लापरवाही को लेकर स्थानीय नागरिकों की ओर से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।जिसे गंभीरता से लेते हुए विधायक महेश चौघुले ने मनपा आयुक्त को साथ में लेकर मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया।


विधायक ने संबंधित ठेकेदार को कड़े शब्दों में फटकार लगाते हुए यह स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी गणेशोत्सव और ईद-ए-मिलाद जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों से पहले यह कार्य हर हाल में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए।उन्होंने कहा, “त्योहारों के दौरान नागरिकों को ट्रैफिक या अन्य किसी भी प्रकार की असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में हो रही देरी और लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और यदि सुधार नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।


इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने विधायक से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं रखीं। विधायक चौघुले ने सभी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को तत्काल कार्रवाई व सख्त निगरानी के निर्देश दिए।


