मुंबई वार्ता संवाददाता

डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने में वर्चुअल गैलेक्सी इन्फोटेक लिमिटेड को योगदान देना चाहिए, ऐसा आवाहन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल गैलेक्सी इन्फोटेक लिमिटेड की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में लिस्टिंग का उद्घाटन किया। इस अवसर पर वे संबोधित कर रहे थे।


मुख्यमंत्री फडणवीस अपने सरकारी निवास ‘वर्षा’ से इस कार्यक्रम में ऑनलाइन उपस्थित थे। कार्यक्रम में वर्चुअल गैलेक्सी इन्फोटेक के उपाध्यक्ष आशुतोष घोलप भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्चुअल गैलेक्सी इन्फोटेक की स्थापना 1997 में नागपुर में अविनाश शेंडे और सचिन पांडे ने की थी। छोटे स्तर से शुरू हुई यह कंपनी आज भारत के आईटी क्षेत्र में एक बड़ी ताकत बन गई है, जो महाराष्ट्र के लिए गर्व की बात है।
वर्तमान में कंपनी के देश में 16 और विदेशों में 3 कार्यालय हैं।कंपनी को नागपुर के मिहान क्षेत्र में 10 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जहां बड़े पैमाने पर औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे, ऐसा विश्वास मुख्यमंत्री फडणवीस ने व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अविनाश शेंडे और सचिन पांडे जैसे विशेषज्ञों द्वारा अपने सपनों को साकार करने का निर्णय राज्य के हजारों उद्यमियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने वर्चुअल गैलेक्सी इन्फोटेक लिमिटेड की जानकारी पुस्तिका का अनावरण भी किया।


