मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के मुलुंड रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम एक दुखद घटना सामने आई, जहां ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे मुंबई पुलिस के एक जवान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान देविदास दितार सिंह सास्ते (50) के रूप में हुई है, जो मुंबई पुलिस की सहार ट्रैफिक डिवीजन में तैनात थे।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल देविदास सास्ते ने बुधवार, 31 दिसंबर को अपनी दिन की ड्यूटी पूरी की थी और लोकल ट्रेन से कल्याण स्थित अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब 5 बजे, जब वे मुलुंड रेलवे स्टेशन पर थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वे प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े।उनके साथ यात्रा कर रहे उनके साथी कांस्टेबल—ब्रह्मणे, भगत और महाले—ने तुरंत उन्हें संभाला और खून से लथपथ हालत में पास के अग्रवाल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


बताया गया है कि कांस्टेबल सास्ते लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। उनके दिल में चार ब्लॉकेज पाए गए थे, जिसके चलते वे 7 अगस्त से 25 नवंबर 2025 तक लंबी मेडिकल छुट्टी पर थे। इस दौरान उन्होंने कल्याण के फोर्टिस अस्पताल में एंजियोग्राफी करवाई थी और स्वास्थ्य में सुधार के बाद 26 नवंबर को ही दोबारा ड्यूटी जॉइन की थी।
घटना की पुष्टि करते हुए सहार ट्रैफिक डिवीजन के प्रभारी पुलिस निरीक्षक योगेश टंडाले ने बताया कि मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पुलिस विभाग परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। परिवार की सहायता के लिए उपनिरीक्षक नाइक के नेतृत्व में एक विशेष टीम भी तैनात की गई है।इधर, रेलवे पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मौत के सटीक कारणों की जांच जारी है।
कांस्टेबल देविदास सास्ते के असामयिक निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। उनके सहकर्मी उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित पुलिसकर्मी के रूप में याद कर रहे हैं।


