■ मुंबई में नया अंडरवर्ल्ड दबदबा स्थापित करने की साजिश, बॉलीवुड निशाने पर।
जय सिंह / मुंबई वार्ता

मुंबई का अंडरवर्ल्ड एक बार फिर सर उठाने की कोशिश में है और इस बार कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह खुलकर बॉलीवुड को चुनौती दे रहा है।1980–90 के दशक में दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी ने जिस तरह बॉलीवुड पर खौफ का साम्राज्य खड़ा किया था, वैसा ही प्रभाव जमाने का सपना अब बिश्नोई गैंग देखता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।


● कपिल शर्मा, सलमान खान, पवन सिंह बिश्नोई गैंग की सीधी चेतावनी.
कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफ़े पर चली गोलियों की गूंज अब तक शांत नहीं हुई है। हमले की जिम्मेदारी गैंग के एक्टिव मेंबर गोल्डी ढिल्लों ने लेते हुए सोशल मीडिया पर मुंबई में “बड़ी कार्रवाई” का ऐलान किया था। और कहा था कपिल शर्मा नहीं सुधरा तो मुंबई मे घुस कर मारेंगे । हमले के पीछे की वजह चौंकाने वाली थी। कपिल शर्मा ने अपने शो में सलमान खान को बुलाया था, जो बिश्नोई गिरोह को नागवार गुज़रा। जबकि कपिल शर्मा शो के निर्माता ही सलमान खान हैं। हमले के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने कपिल के घर-स्टूडियो की सुरक्षा तुरंत बढ़ाई। लेकिन गैंग की नजरें सिर्फ कपिल पर नहीं हैं।सलमान से जुड़ना मतलब ‘दुश्मनी’?


● पवन सिंह भी बने निशाना।
सलमान खान के साथ जुड़ने वालों को बिश्नोई गैंग खुलेआम धमकियाँ दे रहा है।भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को हाल ही में गिरोह ने गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी—क्योंकि वे ‘बिग बॉस 17’ के फिनाले में सलमान खान के साथ नज़र आए थे।सूत्र बताते हैं पवन सिंह को धमकी के मामले मे अभी तक किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली हैं। इसके बाद उन्होंने मुंबई की ओशिवरा पुलिस मे लिखित शिकायत की हैं।
● काला हिरण प्रकरण गैंग की ‘ढाल’?
● बॉलीवुड पर कब्जे की बड़ी चाल।
काले हिरण शिकार मामले को आधार बनाकर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह वर्षों से सलमान खान के पीछे पड़ा है।लेकिन अब इसी बहाने का इस्तेमाल पूरे बॉलीवुड को डराने के लिए किया जा रहा है।“सलमान के साथ काम करने वाला हमारा दुश्मन,” का ऐलान बिश्नोई गैंग ने किया है।
बाबा सिद्दीकी की हत्या, कपिल शर्मा के कैफ़े पर हमला, और अब पवन सिंह को धमकी—पुलिस इन तीनों घटनाओं को गिरोह की एक ही रणनीति की कड़ियाँ मान रही है।जबकि सूत्र दावा करते हैं की पवन सिंह से पैसा मांगने वाली बात झूठी हैं। विश्नोई गिरोह ने सलमान से पैसा नहीं मांगा, कपिल शर्मा से नहीं मांगा, बाबा सिद्दीकी से नहीं मांगा फिर पवन सिंह से क़्यू ? जैसा की पवन सिंह के मैंनेजर ने अपनी शिकायत मे लिखा हैं। यह भी कहां जा रहा हैं कि मुंबई में दहशत फैलाकर मनोरंजन जगत पर सत्ता जमाना चाहता हैं विश्नोई गिरोह।
सवाल यह भी हैं की क्या अंडरवर्ल्ड–बॉलीवुड का पुराना रिश्ता फिर जाग रहा है? 80–90 के दशक में दाऊद इब्राहिम और उसके साथी आबू सालेम, अनीस इब्राहिम, जैसे गैंगस्टर निर्माता-निर्देशकों से लेकर सितारों तक—हर किसी पर हावी रहते थे। फिल्में फाइनेंस होती थीं, शूटिंगें तय होती थीं, और गलती पर गोलियों का डर हमेशा सिर पर मंडराता था।समय के साथ यह पकड़ कमज़ोर हुई, पर पूरी तरह खत्म नहीं।अब लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की बढ़ती सक्रियता—सिद्धू मूसेवाला की हत्या से लेकर इंटरनेशनल नेटवर्क तक—यह संकेत दे रही है कि गैंग मुंबई अंडरवर्ल्ड में पैठ जमाने के लिए बॉलीवुड को टारगेट बनाना चाहता है।
● क्या मुंबई पर एक नए “डी-कंपनी” का खतरा मंडरा रहा हैं ?
मुंबई पुलिस अलर्ट मोड पर है।कपिल शर्मा, पवन सिंह और सलमान खान—तीनों को हाई सिक्योरिटी दी गई है।इंटेलिजेंस यूनिट लगातार गिरोह की ऑनलाइन सक्रियता पर नजर रख रही है। पुलिस के सामने भी सवाल यही है कि क्या बिश्नोई गैंग वाकई दाऊद की राह पर चलकर बॉलीवुड पर नया कब्जा जमाने की कोशिश कर रहा है?या यह सिर्फ दहशत फैलाकर अपनी ‘ब्रांड वैल्यू’ बढ़ाने की रणनीति है?


फिलहाल, मुंबई में हवा गर्म है—और फिल्म इंडस्ट्री फिर एक बार उसी खतरनाक मोड़ पर खड़ी है, जहाँ खामोशी के पीछे गोलियों की आहट छिपी रहती है।


