श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

दादर पश्चिमदादर पश्चिम के एस. एच. परळकर मार्ग स्थित एक आवासीय इमारत में अज्ञात चोरों ने घर का ताला और लैच तोड़कर करीब 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के संबंध में शिवाजी पार्क पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।


पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, शिकायतकर्ता राजेश्वरी रविकुमार गुडवल्लेटी (66) अपने परिवार के साथ दादर पश्चिम स्थित सरोज बिल्डिंग में रहती हैं। वह एअर इंडिया से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में अपनी 89 वर्षीय मां के साथ रहती हैं।
शिकायत के मुताबिक, 19 जून 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी बहन रेखा शर्मा के साथ अंधेरी गई थीं। घर से निकलते समय उन्होंने मुख्य दरवाजे पर ताला और लैच लगाया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटीं।28 जून को रात करीब 9.45 बजे पड़ोस में रहने वाली श्रीमती देशपांडे ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ दिखाई दे रहा है। चूंकि शिकायतकर्ता की मां उम्रदराज हैं और रात होने के कारण वह उसी दिन घर नहीं लौटीं।अगले दिन 29 जून की सुबह जब वह घर पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि घर के दरवाजे का ताला और लैच टूटा हुआ था। घर के अंदर जाकर जांच करने पर उन्हें पता चला कि अलमारी आदि में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो चुके हैं।
शिकायत के अनुसार चोरी गए सामान में करीब 1.30 लाख रुपये कीमत की 11 ग्राम सोने की चेन, 1.50 लाख रुपये कीमत का एक जड़ाऊ डायमंड सेट, जिसमें कानों के टॉप्स और गले का हार शामिल है, 3 लाख रुपये कीमत की दो चांदी की प्लेटें, करीब 1.90 लाख रुपये कीमत की दो चांदी की समई तथा करीब 30 हजार रुपये कीमत का एक चांदी का कलश शामिल है।चोरी हुए सभी सामान की कुल अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये बताई गई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 19 जून की दोपहर 3 बजे से 28 जून की रात 9.45 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का ताला और लैच तोड़कर घर में प्रवेश किया और उक्त आभूषण चोरी कर लिए। इस संबंध में अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
मामले की जांच शिवाजी पार्क पुलिस थाने के पुलिस उपनिरीक्षक योगेश राणे कर रहे हैं। पुलिस अज्ञात आरोपी की पहचान और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।


